सारंगढ़-बिलाईगढ़, 24 जून 2026। सरिया क्षेत्र में किसानों द्वारा डिब्बे में डीजल उपलब्ध कराने की मांग के बीच जिला खाद्य विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा किसानों को कृषि कार्यों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत डिब्बे में भी डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
खाद्य अधिकारी के अनुसार जिले में कुल 42 पेट्रोल एवं डीजल एजेंसियां संचालित हैं। वर्तमान में पेट्रोल पंपों पर 45,600 लीटर डीजल और 57,400 लीटर पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जिसका नियमित रूप से उपभोक्ताओं को वितरण किया जा रहा है। किसानों को कृषि कार्यों तथा अस्पताल जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अनुमति के बाद जरूरत के अनुसार सभी एजेंसियों से डिब्बे में डीजल एवं पेट्रोल दिया जा रहा है।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि पेट्रोल पंपों पर किसी प्रकार की अनियमितता या विवाद की स्थिति से निपटने के लिए जिले की प्रत्येक तहसील में तहसीलदार की अध्यक्षता में राजस्व एवं खाद्य विभाग का संयुक्त जांच दल गठित किया गया है। इस दल को शिकायतों के त्वरित निराकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खाद्य विभाग ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को ईंधन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं करने के सख्त निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने किसानों और आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित प्रक्रिया का पालन कर ईंधन प्राप्त करने की अपील की है।

- सारंगढ़:हरेली के चलते जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक निरस्त, अब अगले बुधवार होगा शिविर… - August 11, 2026
- ‘सक्षम सारंगढ़’ की नई उड़ान: चार दिव्यांगजनों को मिला स्वरोजगार का सहारा, प्रशिक्षण सामग्री पाकर बनेंगे आत्मनिर्भर… - August 11, 2026
- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026




