रायपुर: छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा का बहुप्रतीक्षित प्रांतीय सम्मेलन, निर्वाचन एवं नई कार्यकारिणी का गठन आगामी 4 अक्टूबर को राजधानी रायपुर के सिंधी सदन में गरिमामय माहौल में संपन्न होने जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर समाज के भीतर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सबसे बड़ा कौतूहल रायपुर महानगर और जिला अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर बना हुआ है कि समाज की कमान इस बार किसके हाथों में सौंपी जाएगी।
यह संपूर्ण आयोजन राष्ट्रीय महासचिव श्री लखन दास वैष्णव के कुशल मार्गदर्शन एवं सान्निध्य में संपन्न होगा।

मंडल स्तर से प्रांतीय टीम तक बड़े बदलाव की तैयारी-
सम्मेलन के दौरान केवल रायपुर जिला ही नहीं, बल्कि आरंग, अभनपुर सहित संभाग के अन्य प्रमुख मंडलों की नई कार्यकारिणियों का भी गठन किया जाएगा। साथ ही प्रांतीय टीम के विस्तार की भी पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
संगठन सूत्रों के मुताबिक, इस बार काम करने वाले कर्मठ और योग्य वैष्णव बंधुओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। वहीं लंबे समय से निष्क्रिय चल रहे पदाधिकारियों की छुट्टी तय मानी जा रही है, ताकि संगठन में नई ऊर्जा और गतिशीलता लाई जा सके।
युवक-युवती परिचय सम्मेलन रहेगा मुख्य आकर्षण-
संगठन विस्तार के साथ-साथ इस महासम्मेलन में प्रांतीय वैष्णव युवक-युवती वैवाहिक परिचय सम्मेलन का भी भव्य आयोजन किया गया है। प्रदेशभर से आने वाले योग्य युवक-युवतियों और उनके अभिभावकों के लिए यह एक साझा मंच साबित होगा। इसके लिए आयोजन समिति द्वारा बायोडाटा संकलन और मंच व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सामाजिक चिंतन और भव्य आतिथ्य सत्कार-
कार्यक्रम में संगठनात्मक गतिविधियों के अलावा समाज के शैक्षणिक विकास, युवाओं के रोजगार और सामाजिक एकता जैसे गंभीर विषयों पर भी मंथन किया जाएगा।
प्रदेश के कोने-कोने से जुटने वाले वैष्णव स्वजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिंधी सदन में विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा सभी आगंतुकों के लिए जलपान एवं सुरुचिपूर्ण भोजन की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने प्रदेश के समस्त वैष्णव बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक समागम को सफल बनाने की अपील की है।
- किसके सिर सजेगा महानगर का ताज?कौन बनेगा रायपुर वैष्णव जिलाध्यक्ष..4 अक्टूबर को तय होगी नई कार्यकारिणी की दिशा… - October 1, 2026
- राशन वितरण की बढ़ी मियाद, अब 30 अक्टूबर तक मिलेगा अक्टूबर का खाद्यान्न…. - September 30, 2026
- सुनील शर्मा के मार्गदर्शन में प्रमोद यादव का दमदार एक्शन, विसर्जन से पहले शहर में पुलिस का कड़ा पहरा… - September 30, 2026
