रायगढ़। नकली शराब के संगठित कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी पर ₹10,000 के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना कोतरारोड़ के अपराध क्रमांक 178/2026 में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी अथवा उसकी सूचना देने वाले व्यक्ति को पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा पुरस्कार वितरण संबंधी अंतिम निर्णय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का होगा।
गौरतलब है कि 08 जून 2026 की रात रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम धनागर, थाना कोतरारोड़ क्षेत्र में संचालित नकली शराब के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था। छापेमारी के दौरान करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट से भरे ड्रम, फर्जी लेबल, नकली होलोग्राम, ढक्कन और शराब निर्माण व पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई थी। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने अपने भाई सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से इस अवैध कारोबार को संचालित करने की बात स्वीकार की थी।
पुलिस ने आगे की जांच में 10 जून को फरार आरोपी सुभाष पटेल को उसके फार्म हाउस से गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि गिरोह फार्म हाउस में शराब का भंडारण कर उसमें स्प्रिट मिलाकर मात्रा बढ़ाता था। शराब का रंग हल्का पड़ने पर उसमें चायपत्ती का रंग मिलाकर उसे असली शराब जैसा स्वरूप दिया जाता था। इसके बाद नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में कोचियों के माध्यम से उसकी बिक्री कराई जाती थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम डेगची तथा बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें भी जब्त की थीं।
मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर घटना के बाद से लगातार फरार है। 17 जून को पुलिस जब विकास नगर स्थित उसके घर पहुंची तो मकान बंद मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी और उसके परिजन कई दिनों से घर पर नहीं हैं। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार मकान पर नोटिस चस्पा कर तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए।
पुलिस अब आरोपी की संपत्तियों को कुर्क कराने की तैयारी में भी जुट गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी कोतरारोड़ ने कार्यपालिक दंडाधिकारी और जिला पंजीयक रायगढ़ से आरोपी की चल-अचल संपत्तियों की जानकारी मांगी है। संपत्ति का विवरण मिलने के बाद न्यायालय में कुर्की की कार्रवाई के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश, तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से तलाश जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि संगठित अपराधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जो भी व्यक्ति फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी में सहयोग करेगा या ऐसी महत्वपूर्ण सूचना देगा जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके, उसे ₹10,000 का नगद पुरस्कार दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कानून से बचने वाले आरोपियों के खिलाफ संपत्ति कुर्की सहित कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी के संबंध में सूचना देने के लिए नागरिक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर 9479193200, 9479193201, 9479193202, पुलिस नियंत्रण कक्ष 9479193299 अथवा थाना प्रभारी कोतरारोड़ 9479193211 पर संपर्क कर सकते हैं। सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।

- सारंगढ़:प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0: 24 जून को ग्राम सभा में होगा पात्रता सत्यापन, छूटे तो कट सकता है नाम… - June 22, 2026
- सारंगढ़:योग दिवस पर बच्चों ने बिखेरा हुनर, शानदार प्रदर्शन से जीता सबका दिल… - June 22, 2026
- ₹10 हजार का इनाम: नकली शराब गिरोह का फरार मास्टरमाइंड पुलिस के रडार पर… - June 22, 2026


