सारंगढ़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कृषि उपज मंडी परिसर सारंगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय समारोह योग, स्वास्थ्य और अनुशासन का प्रेरणादायक संगम बन गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेकर योग को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताया।
सामूहिक योगाभ्यास के बाद कार्यक्रम का सबसे आकर्षक केंद्र सिम्मी योगा फिटनेस सेंटर, सारंगढ़ के बच्चों का मनमोहक योग प्रदर्शन रहा। बच्चों ने ग्रुप योग, एकल आर्टिस्टिक योग तथा रिदमिक योग की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों की खूब वाहवाही बटोरी। उनकी लचीलापन, संतुलन और अनुशासन से भरपूर प्रस्तुति ने पूरे समारोह को यादगार बना दिया।
सेंटर की संचालिका एवं मुख्य योग शिक्षिका पद्मावती साहू ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत पिछले 15 दिनों से सारंगढ़ के विभिन्न स्थानों पर निशुल्क योग कक्षाओं का आयोजन किया गया। इसी प्रशिक्षण का परिणाम रहा कि बच्चों ने मंच पर आत्मविश्वास के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। जिला प्रशासन ने उत्कृष्ट योग प्रदर्शन करने वाले सभी बच्चों को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। योग दिवस का यह आयोजन स्वास्थ्य, अनुशासन और प्रतिभा के सम्मान का प्रेरणादायक संदेश देकर संपन्न हुआ।



