रायगढ़। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने सोमवार सुबह नगर निगम क्षेत्र में चल रहे बहुचर्चित विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन मरीन ड्राइव, अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी), एफसीआई ऑक्सीजोन, मिट्ठूमुड़ा तालाब, किसान राइस मिल ऑक्सीजोन और कयाघाट पुल सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ को प्रदेश के सबसे आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधासंपन्न शहरों में शामिल करना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि सड़क, परिवहन, पर्यावरण, जल संरक्षण और शहरी विकास से जुड़ी ये परियोजनाएं पूरी होने के बाद रायगढ़ विकास का नया मॉडल बनकर उभरेगा।
निर्माणाधीन मरीन ड्राइव का निरीक्षण करते हुए श्री चौधरी ने मुख्य बॉक्स कल्वर्ट और डायवर्सन कार्य समय पर पूरा होने पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि मरीन ड्राइव केवल सड़क परियोजना नहीं, बल्कि रायगढ़ की नई पहचान बनेगी। इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी, यातायात सुगम होगा और नागरिकों को आधुनिक सार्वजनिक स्थल मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को नवंबर तक हर हाल में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी) का निरीक्षण कर इसे भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित की जा रही महत्वपूर्ण परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि यहां एक समय में 30 बसों का संचालन होगा, जबकि 40 अतिरिक्त बसों के लिए भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। बसों की मरम्मत के लिए अलग वर्कशॉप, लगभग 550 यात्रियों की क्षमता वाला आधुनिक प्रतीक्षालय और अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं इसे प्रदेश के प्रमुख बस स्टैंडों में शामिल करेंगी।
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने एफसीआई परिसर में विकसित हो रहे सात एकड़ के ऑक्सीजोन का भी अवलोकन किया। उन्होंने इसे रायगढ़ के पर्यावरणीय भविष्य के लिए अहम बताते हुए दो प्रवेश द्वार बनाने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों को आने-जाने में सुविधा हो। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्रों का विकास समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और रायगढ़ में विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर सुभाष पाण्डेय, मुकेश जैन, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, स्थानीय पार्षद, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

- सारंगढ़:प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0: 24 जून को ग्राम सभा में होगा पात्रता सत्यापन, छूटे तो कट सकता है नाम… - June 22, 2026
- सारंगढ़:योग दिवस पर बच्चों ने बिखेरा हुनर, शानदार प्रदर्शन से जीता सबका दिल… - June 22, 2026
- ₹10 हजार का इनाम: नकली शराब गिरोह का फरार मास्टरमाइंड पुलिस के रडार पर… - June 22, 2026


