रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने नकली शराब के एक बड़े और संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए अवैध कारोबारियों पर करारा प्रहार किया है। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में बिक्री के लिए तैयार नकली शराब बरामद की तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है।
पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि ग्राम धनागर निवासी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू बड़े पैमाने पर नकली एवं मिलावटी शराब तैयार कर बाजार में खपा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने तत्काल संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना कोतरारोड़, साइबर सेल और आबकारी विभाग की टीम ने पहले सूचना का सत्यापन किया। पुलिस के प्वाइंटर द्वारा आरोपी से शराब खरीदी गई, जिसकी जांच में लेबल, होलोग्राम तथा गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। इसके बाद टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू के रूप में बताई। तलाशी में उसके घर परिसर स्थित कोठे से नकली शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। पुलिस ने रॉयल स्टेज, आईबी, रिजर्व क्वार्टर, गोवा, ब्लैक डॉग, गोल्डन गोवा और किंगफिशर बीयर जैसे नामी ब्रांडों की पैकेजिंग में तैयार की गई बड़ी मात्रा में नकली शराब जब्त की।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने भाई सुभाष पटेल और सहयोगी विनय सिंह के साथ मिलकर अरुणाचल प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से शराब लाते थे। बाद में उसमें स्प्रिट और अन्य पदार्थ मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाई जाती थी। पुराने शराब की बोतलों को साफ कर उन पर नकली लेबल और डुप्लीकेट होलोग्राम लगाकर दोबारा पैकिंग की जाती थी। तैयार नकली शराब को कोचियों के माध्यम से बाजार में असली शराब के साथ बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाता था।
संयुक्त टीम ने मौके से 869 नग विभिन्न पैमानों की लगभग 240 लीटर नकली शराब, 560 शराब ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, केटली और बड़ी संख्या में खाली बोतलें जब्त की हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 2 लाख 16 हजार 245 रुपये बताई गई है। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह कोरोना काल से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था।
मामले में थाना कोतरारोड़ में दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू, सुभाष पटेल एवं विनय सिंह के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि रायगढ़ पुलिस अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता की जान से खिलवाड़ करने वाले ऐसे संगठित गिरोहों के खिलाफ ऑपरेशन आघात के तहत लगातार कठोर और निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी।

गिरफ्तार आरोपी:
दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू (47 वर्ष), निवासी ग्राम धनागर, थाना कोतरारोड़।
फरार आरोपी:
सुभाष पटेल एवं विनय सिंह।
जब्ती:
869 नग विभिन्न पैमानों की लगभग 240 लीटर नकली शराब, कीमत लगभग 2.16 लाख रुपये, 560 ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, केटली एवं खाली बोतलें।
- सरिया समीक्षा बैठक में सचिव के ‘अशोभनीय कृत्य’ से हड़कंप..महिला एसडीएम के सामने मर्यादा लांघने का आरोप, सचिव को नोटिस!प्रशासनिक मर्यादा तार-तार!बरमकेला जनपद ने 48 घंटे में मांगा जवाब..बैठक से नदारद रहने वाले 3 अन्य पंचायत सचिवों की भी प्रशासनिक घेराबंदी.. - June 13, 2026
- सारंगढ़ :गरीबों की शादी में ‘डाका’..!सारंगढ़ महिला बाल विकास विभाग में 15 लाख की ‘चाशनी’…बिना कोटेशन चहेतों को रेवड़ी..कन्या विवाह योजना को निगल गई कमीशनखोरी…कार्रवाई के डर से नेताओं की परिक्रमा कर रहे ‘साहब’? - June 13, 2026
- बारिश में जामुन के स्वास्थ्य लाभ: जानें कैसे यह फल आपकी सेहत को सुधारता है - June 13, 2026

