सारंगढ़। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए पहली बार ‘टोटल एब्डोमिनल हिस्टेरेक्टॉमी’ (Total Abdominal Hysterectomy) जैसी जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। यह उपलब्धि कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव के सहयोग तथा सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम मानी जा रही है।
डॉ. दीपक जायसवाल की कार्यकुशलता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के चलते जिला चिकित्सालय लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की सेवाएं शुरू होने के बाद अब बड़े और जटिल ऑपरेशन भी स्थानीय स्तर पर सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं, जिससे मरीजों को रायगढ़, बिलासपुर या रायपुर जैसे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
महिलाओं से जुड़ी गंभीर बीमारियों के उपचार में महत्वपूर्ण मानी जाने वाली ‘टोटल एब्डोमिनल हिस्टेरेक्टॉमी’ सर्जरी के सफल संचालन ने यह साबित कर दिया है कि सारंगढ़ जिला चिकित्सालय अब आधुनिक संसाधनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं देने में सक्षम हो चुका है।
इस ऐतिहासिक सफलता पर सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने पूरी मेडिकल टीम, एनेस्थीसिया विशेषज्ञों, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की सराहना करते हुए इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले समय में और भी जटिल ऑपरेशनों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।
CMHO डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि जिला चिकित्सालय को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे जिले के मरीजों को और अधिक लाभ मिलेगा।
जिला चिकित्सालय की यह सफलता न केवल स्वास्थ्य विभाग के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह पूरे सारंगढ़ जिले के लिए बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि साबित हुई है।



