PDS में अनियमितता व चावल गबन के आरोपों को लेकर भीम रेजिमेंट का बिलाईगढ़ SDM कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन..
बिलाईगढ़। शासकीय सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में गंभीर अनियमितताओं एवं सरकारी चावल के गबन के आरोपों को लेकर आज भीम रेजिमेंट छत्तीसगढ़ के बैनर तले एसडीएम बिलाईगढ़ कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया। यह आंदोलन भीम रेजिमेंट छग के प्रदेश सचिव मनीष चेलक के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
प्रदर्शन ग्राम मलुहा में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान के माध्यम से मृत व्यक्तियों के नाम पर वर्षों से राशन निकासी, शासकीय चावल के गबन, जालसाजी तथा गरीब व पात्र हितग्राहियों के अधिकारों के हनन के आरोपों को लेकर किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उक्त प्रकरण में प्रशासन द्वारा पूर्व में स्थल जांच की गई थी, लेकिन आज दिनांक तक न तो जांच प्रतिवेदन सार्वजनिक किया गया है और न ही दोषियों के विरुद्ध कोई ठोस प्रशासनिक या कानूनी कार्यवाही की गई है। इससे शासन की सार्वजनिक वितरण प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े हो रहे हैं।
धरना स्थल पर पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान तहसीलदार मौके पर पहुंचे, जहां प्रकरण को लेकर प्रदर्शनकारियों के साथ तीखी बहस भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर मामले को दबाने और प्रभावी कार्यवाही नहीं करने के आरोप लगाए।
धरना-प्रदर्शन में भीम रेजिमेंट छग जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिला अध्यक्ष बिरेंद्र कमल, युवा नेता राजकुमार कमल, आवेदक घनश्याम श्रीवास, अजय जांगड़े, लोकनाथ पटेल, प्रताप जगत, मुकेश चंद्रा, बिनेश चौहान, अशोक, कामेश डडसेना, किशन नेताम, कृष्णा दुबे, कांति कुमार, बुदेश्वर सहित ग्राम मलुहा के ग्रामीण, महिलाएं एवं संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही नहीं की गई, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
- कलेक्टर न्यायालय का सख्त रुख: 24 मार्च को पेशी में हाजिर हों शिवा साहू, नहीं तो होगी एकपक्षीय कार्रवाई… - March 17, 2026
- अग्निवीर भर्ती का सुनहरा मौका: 1 अप्रैल तक करें आवेदन, जून में होगी परीक्षा… - March 17, 2026
- बरमकेला अस्पताल में सुविधाओं की बड़ी मांग: ब्लड स्टोरेज यूनिट और महिला डॉक्टरों की नियुक्ति को लेकर सौंपा गया ज्ञापन …. - March 17, 2026
