सारंगढ़ बिलाईगढ़, 17 मार्च 2026/
स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) ग्रामीण के तहत राज्य सलाहकार मोनिका सिंह ने विकासखंड बिलाईगढ़ के विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत को परखा। उनके इस दौरे ने स्वच्छता अभियान में नई ऊर्जा और जिम्मेदारी का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामों में निर्मित पृथक्करण शेड एवं सामुदायिक शौचालयों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। कई स्थानों पर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश भी दिए।
मोनिका सिंह ने अधिकारियों एवं ग्रामवासियों के साथ संवाद कर स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। खासतौर पर घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था ही स्वच्छता की रीढ़ है, जिसे मजबूत करना बेहद जरूरी है।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नियमित रूप से कचरा पृथक्करण अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छ भारत मिशन का उद्देश्य केवल शौचालय निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण का निर्माण करना भी इसका मुख्य लक्ष्य है।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी अभियान की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है, इसलिए हर नागरिक को इसमें अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

- बिना लाइसेंस बिक रही थी कीटनाशक दवाएं, कृषि विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप… - September 20, 2026
- सारंगढ़:अतिक्रमण हटा, संवरी बच्चों की राह; जामपाली में शासकीय जमीन पर बना आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र…. - September 20, 2026
- अधूरे आवासों पर सीईओ की सख्ती, लापरवाह कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश… - September 20, 2026
