बरमकेला, 17 मार्च 2026/
बरमकेला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर एक अहम पहल सामने आई है। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य रतन शर्मा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एफ. आर. निराला से मुलाकात कर आवश्यक सुविधाओं की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में अस्पताल में ब्लड स्टोरेज यूनिट की स्थापना एवं महिला डॉक्टरों सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की प्रमुख मांग उठाई गई। इसमें बताया गया कि बरमकेला क्षेत्र की बड़ी आबादी इलाज के लिए इसी स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के अभाव में मरीजों को गंभीर परिस्थितियों में अन्य स्थानों का रुख करना पड़ता है।
विशेष रूप से ब्लड स्टोरेज यूनिट के अभाव को गंभीर समस्या बताते हुए कहा गया कि आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिससे समय पर उपचार प्रभावित होता है। वहीं महिला डॉक्टरों की कमी के कारण महिला मरीजों को भी असुविधा झेलनी पड़ रही है, जो स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर सीधा असर डाल रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एफ. आर. निराला ने इस मुद्दे पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि इस संबंध में शासन स्तर पर पत्र लिखकर आवश्यक कार्यवाही के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
इस दौरान अशोक अग्रवाल, मनोज अग्रवाल एवं रवि चरण साहू भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

- बिना लाइसेंस बिक रही थी कीटनाशक दवाएं, कृषि विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप… - September 20, 2026
- सारंगढ़:अतिक्रमण हटा, संवरी बच्चों की राह; जामपाली में शासकीय जमीन पर बना आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र…. - September 20, 2026
- अधूरे आवासों पर सीईओ की सख्ती, लापरवाह कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश… - September 20, 2026
