सारंगढ़ बिलाईगढ़, 17 मार्च 2026/
भारतीय थल सेना द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के अविवाहित युवाओं के लिए अग्निवीर सैनिक भर्ती का सुनहरा अवसर प्रदान किया गया है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 तक थलसेना की आधिकारिक वेबसाइट Join Indian Army (www.joinindianarmy.nic.in) के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, ऑफिस असिस्टेंट, ट्रेडमैन, महिला सैन्य पुलिस, नियमित कैडर, धर्म गुरु, नर्सिंग सहयोगी तथा हवलदार एसएसी जैसे विभिन्न पदों पर नियुक्ति की जाएगी। युवाओं के लिए यह देश सेवा के साथ करियर बनाने का बेहतरीन अवसर माना जा रहा है।
भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन जून 2026 में संभावित है। चयन के लिए उम्मीदवारों को कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं चिकित्सा परीक्षण से गुजरना होगा।
आवेदन के लिए अभ्यर्थी की आयु साढ़े 17 वर्ष से 21 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। वहीं शैक्षणिक योग्यता के रूप में किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई या इंजीनियरिंग डिप्लोमा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। विभिन्न पदों के अनुसार ऊंचाई, वजन एवं सीने के मापदंड भी अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं।
विशेष रूप से अग्निवीर ऑफिस असिस्टेंट पद के लिए ऑनलाइन परीक्षा के दौरान टाइपिंग टेस्ट भी लिया जाएगा, जो अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण होगा।
भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, शहीद वीर नारायण क्रिकेट स्टेडियम के पास, नवा रायपुर से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के अधिकारी रामजीत राम से मोबाइल नंबर 9424184279 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
युवाओं से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर समय सीमा के भीतर आवेदन करें और देश सेवा के इस गौरवपूर्ण अवसर का हिस्सा बनें।

- सारंगढ़ दौरे पर आएंगे प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, प्राकृतिक खेती, समीक्षा बैठक और योग दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल… - June 19, 2026
- उत्कर्ष योजना: 20 जून तक करें आवेदन, 5 जुलाई को होगी प्रवेश परीक्षा… - June 19, 2026
- 20 जून तक जनकल्याण शिविर, एक ही स्थान पर मिलेगा कई सरकारी योजनाओं का लाभ… - June 19, 2026

