कोरबा: जिले के दूरस्थ श्यांग थाना क्षेत्र के सोलवा गांव में एक महीने से लापता 38 वर्षीय सुखसागर का कंकाल जंगल में मिला है। सुखसागर 18 सितंबर से लापता था, जिसकी तलाश परिजन कर रहे थे।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बेटे के एक्सीडेंट के बाद हुआ था लापता
मृतक के भाई लक्ष्मी नारायण चौहान ने बताया कि 15 सितंबर को सुखसागर के बेटे का बाइक एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए थे। उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था। एक्सीडेंट की सूचना पर 18 सितंबर को सुखसागर भी अस्पताल पहुंचा था। अस्पताल में बेटे को देखने के बाद सुखसागर ने घर लौटने की बात कही, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन जब वह नहीं मिला तो इसकी सूचना श्यांग थाना पुलिस को दी गई।
पेड़ से बंधे कपड़ों के नीचे मिला कंकाल
घटनास्थल पर एक गमछा और कुछ कपड़े मिले, जो पेड़ पर बंधे हुए थे और नीचे कंकाल पड़ा था। परिजनों को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने कपड़ों के आधार पर नरकंकाल की पहचान सुखसागर के रूप में की। पुलिस को आशंका है कि सुखसागर ने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या की होगी। इसी आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
फोरेंसिक जांच जारी
परिजनों ने बताया कि सुखसागर खेती-किसानी का काम करता था और उसके चार बच्चे हैं, जिनमें से बड़े बेटे का एक्सीडेंट हुआ था। वह पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था, लेकिन पूछने पर कभी कुछ नहीं बताता था। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
- ‘एक पेड़ अडानी के नाम’ लगाकर रमेश खूंटे ने खोला मोर्चा..जल-जंगल-जमीन की बलि देकर वन महोत्सव का पाखंड कर रही सरकार- रमेश खूंटे - August 9, 2026
- सारंगढ़ में विकास की सौगात देंगे प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, 10-11 अगस्त को जिले में रहेंगे… - August 9, 2026
- शराब तस्करों पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा, ढाबे से अवैध शराब जब्त… - August 9, 2026




