सरगुजा। सरगुजा के गांधीनगर थानाक्षेत्र के मुक्तिपारा में युवक ने मामूली विवाद में छोटे भाई पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। घायल छोटे भाई को तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मामले में पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट से जेल भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, मुक्तिपारा निवासी गौतम दुबे (26) और उसके भाई शुभम दुबे (25) के बीच बीती शाम करीब 6 बजे विवाद हो गया। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई। इससे गुस्से में गौतम ने लोहे के रॉड से शुभम के सिर, हाथ और पैर पर हमला किया। सिर पर गंभीर चोट लगने से शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया और वहीं गिर गया। परिजनों ने लहूलुहान शुभम को मिशन हॉस्पिटल पहुंचाया। रात में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पर गांधीनगर पुलिस ने आरोपी गौतम के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस का अपराध दर्ज किया। पुलिस ने गौतम को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि आपसी विवाद के बाद भाई के साथ मारपीट शुरू हो गई थी, जिसके बाद उसने लोहे की रॉड से शुभम पर हमला कर दिया। गांधीनगर थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी गौतम आए दिन परिवार वालों के साथ विवाद करता था। उसकी इसी हरकतों से परेशान होकर एक भाई लव दुबे, अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बौरीपारा में रह रहा है। घर में गौतम, अपने पिता रामजी दुबे, मां और छोटे भाई शुभम के साथ रहता था। तीन-चार दिनों पहले गौतम की मां किसी काम से दिल्ली गई थी। जिस समय विवाद हुआ, उस समय घर में दोनों भाई घर में अकेले थे।
- अखंड राम सप्ताह नाम यज्ञ में शामिल हुईं जिपं सदस्य डॉ. अभिलाषा नायक, ग्रामीणों के साथ किया राम नाम जाप… - September 26, 2026
- पवनी में सेवा संकल्प का असर, 190 से ज्यादा लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच… - September 26, 2026
- कनकबीरा चौकी के नवीन भवन को संवारने वाले प्रभारी टीकाराम खटकर का सरिया तबादला..उद्घाटन का नहीं मिला अवसर, पर जनता के दिलों में बनाई अमिट पहचान.. - September 26, 2026
