छत्तीसगढ़:करोड़ों का धान किया गायब, प्रभारी, मुंशी गिरफ्तार…

n620827908172022831313078b5c95f0303e6700edca0a32284e78586c5d44d4eca5d55fd3cd21af857c48a.jpg

बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सहकारी समिति महावीरगंज से 1 करोड़ 14 लाख का धान गायब है। इस मामले में पुलिस ने खरीदी केंद्र प्रभारी एवं मुंशी को गिरफ्तार किया है।

वहीं कुल 12 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। जांच के दौरान विजयनगर समिति में समर्थन मूल्य पर खरीदा गया 3576 क्विंटल धान का कोई हिसाब नहीं मिला था। जानकारी के मुताबिक, आदिम जाति सहकारी समिति महावीरगंज के धान उपार्जन केंद्र विजयनगर में 1 नवंबर 2023 से 5 फरवरी 2024 के बीच धान खरीदी की गई। समिति में कुल 77 हजार 643 क्विंटल धान खरीदा गया था।

इसमें से 74066.82 क्विंटल धान का उठाव किया गया। बाकी धान का जब डीओ बलरामपुर से जारी किया गया तो धान समिति में नहीं मिला। विजयनगर धान उपार्जन केंद्र में धान की कमी होने पर अधिकारी बी. तिर्की ने मामले की जांच की।
जांच प्रतिवेदन के अनुसार खरीदी प्रभारी मंजर अंसारी ने 9491.20 क्विंटल Quintalधान खरीदी की और 9491.20 क्विंटल धान का उठाव किया गया। खरीदी केंद्र प्रभारी बदले जाने के बाद आरिफ अंसारी ने कुल 68152.40 क्विंटल धान खरीदी की और 64576.22 क्विंटल धान का उठाव कराया। बाकी 3576.18 क्विंटल धान का आरिफ अंसारी ने उठाव नहीं कराया। मामले में रामानुजगंज पुलिस ने खरीदी केंद्र प्रभारी आरिफ पंसारी सहित फड़ प्रभारी मतीन, कर्मचारी जिया-उल अंसारी, संतोष यादव, सुनील, दिनेश, सकेन्द्र, महबूब, संतू लाल, अवधेश, शिवकुमार और बारदाना प्रभारी गुलाब सिंह के खिलाफ धारा 409 का अपराध दर्ज किया है।

पुलिस ने मामले में खरीदी केंद्र प्रभारी आरिफ पंसारी (25) निवासी गम्हरिया एवं फड़ मुंशी महबूब आलम निवासी विजयनगर को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपी फरार हैं। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। 3576.18 क्विंटल धान की राशि एक करोड़ 10 लाख 86 हजार 158 रुपए और 12 हजार 983 नग बारदाना की कीमत 3 लाख 24 हजार 575 रुपए है। कुल 1 करोड़ 14 लाख 10 हजार 733 रुपए की अनियमितता पाई गई है।