होली में छलका जाम: तीन दिनों में साढ़े 4 करोड़ की शराब गटक गए सारंगढ़-बिलाईगढ़ के मदिराप्रेमी!
सारंगढ़। रंगों और उमंग के पर्व होली में जहां एक ओर जिले भर में रंग-गुलाल, मिठाई और पकवानों की धूम रही, वहीं दूसरी ओर मदिराप्रेमियों ने भी जमकर जाम छलकाए। उपेक्षित जिलों में गिने जाने वाले सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में इस बार होली के मौके पर शराब की रिकॉर्ड तोड़ बिक्री दर्ज की गई। केवल तीन दिनों में ही जिले के सरकारी शराब दुकानों से लगभग 4 करोड़ 50 लाख रुपये की शराब की बिक्री हो गई, जिसने आबकारी विभाग के पुराने आंकड़ों को भी पीछे छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार 1 मार्च से 3 मार्च के बीच जिले की सभी देशी और विदेशी शराब दुकानों में भारी भीड़ देखने को मिली। होली के उत्साह के बीच शराब की बिक्री लगातार बढ़ती रही और दुकानों में ग्राहकों की लंबी कतारें लगती रहीं। हालांकि आबकारी विभाग की ओर से अभी तक विस्तृत आधिकारिक रिपोर्ट जारी नहीं की गई है, लेकिन उपलब्ध प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार यह बिक्री जिले के लिए एक नया रिकॉर्ड मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि 1 मार्च को जिले में लगभग 90 लाख रुपये की देशी और विदेशी शराब की बिक्री हुई। इसके बाद 2 मार्च को यह आंकड़ा बढ़कर करीब 1 करोड़ 9 लाख रुपये तक पहुंच गया। वहीं 3 मार्च, यानी होली की पूर्व संध्या पर बिक्री में जबरदस्त उछाल आया और एक ही दिन में लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये की शराब बिक गई। इस तरह तीन दिनों के भीतर कुल मिलाकर करीब 4 करोड़ 50 लाख रुपये की शराब की बिक्री दर्ज की गई।
गौरतलब है कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कुल 20 देशी और विदेशी शराब दुकानें संचालित हैं, जहां से यह पूरी बिक्री हुई है। होली के दौरान शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक दुकानों में ग्राहकों की भारी भीड़ देखी गई।
इधर सामाजिक चिंतकों का कहना है कि जिले में लगातार बढ़ती शराब खपत चिंता का विषय बनती जा रही है। लोगों का मानना है कि यदि इस प्रवृत्ति पर नियंत्रण नहीं किया गया तो नया जिला कहीं “उड़ता सारंगढ़” जैसी स्थिति की ओर न बढ़ जाए।
फिलहाल होली के मौके पर हुई इस रिकॉर्ड बिक्री ने प्रशासन और आबकारी विभाग दोनों का ध्यान अपनी ओर जरूर खींचा है। आने वाले समय में विभाग द्वारा विस्तृत आंकड़े जारी किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
- रंगों में घुला सौहार्द: चेंबर ऑफ कॉमर्स के होली मिलन में कलेक्टर-एसपी का सम्मान, व्यापारियों ने खेली फूल-गुलाल की होली… - March 7, 2026
- मानवता की मिसाल: सेवा भारती के सतीश यादव ने रक्त, डायलिसिस और ऑक्सीजन की व्यवस्था कर मरीज की बचाई जान… - March 7, 2026
- जल बचाने जिले में बड़ा अभियान: 1 लाख जल संरचनाओं की एंट्री का लक्ष्य, कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश… - March 7, 2026
