20 साल के एक शख्स पर ऑनलाइन गेम का ऐसा पागलपन छाया कि उसने विवाद होने पर बदला लेने के लिए 750 किलोमीटर की यात्रा की और फिर अपने विरोधी का हथौड़े से सिर फोड़ दिया. यह मामला अमेरिका का है.
ऑनलाइन गेमिंग विवाद का बदला लेने के लिए एडवर्ड कांग ने न्यूजर्सी से फ्लोरिडा तक यात्रा की और फिर अपने प्रतिद्वंदी को हथौड़ा मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. आरोपी शख्स अब सलाखों के पीछे है. रिपोर्ट के मुताबिक, गेमर एडवर्ड कांग ने नकाब पहनकर अपने गेमिंग साथी पर हथौड़े से कई वार किए.
मां से बोला- ऑनलाइन मिले दोस्त से मिलने जा रहा हूं
आरोपी एडवर्ड कांग ने अपनी मां को बताया कि वह ऑनलाइन मिले एक दोस्त से मिलने जा रहा है. इसके बाद उसने अपना बैग पैक किया और फ्लोरिडा के लिए उड़ान भरी. हालांकि अभी इसका पता नहीं चल पाया कि उसने अपने गेमिंग साथी का पता कैसे लगाया? आरोपी ने पहले एक होटल में जाने के लिए कैब बुक की और फिर उसके बाद एक हार्डवेयर स्टोर से हथौड़ा खरीदा. इसके बाद वह रविवार को पीड़ित के घर पहुंचा.
पीड़ित के घर का ताला खुला हुआ था जिस कारण कांग सीधे अंदर घुसा और गुस्से में उसके सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया. पीड़ित ने जब मदद के लिए पुकारा तो उसके सौतेले पिता आए और उन्होंने पुलिस आने तक आरोपी कांग को रोका. पीड़ित के सिर पर कई चोटें आई हैं और उसका इलाज चल रहा है.
दोनों खेलते थे ऑनलाइन गेम ArcheAge
दोनों ही शख्स ऑनलाइन गेम ArcheAge खेलते थे. यह एक मध्ययुगीन फंटासी गेम है. गेम पब्लिशर ने हाल ही में यूरोप और उत्तरी अमेरिका में अपने सर्वर बंद करने की घोषणा की थी. इससे इस गेम को खेलने वाले खिलाड़ियों को बेहद निराशा हुई. जब पुलिस अधिकारियों ने आरोपी से पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया तो उसने अपने ऑनलाइन गेम के साथी को बुरा व्यक्ति बताया.
- नियमितीकरण की मांग पर गरजीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, सौंपा ज्ञापन… - October 27, 2026
- अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, 5 वाहन पकड़े… - October 27, 2026
- बैकयार्ड कुक्कुट योजना से बढ़ेगी ग्रामीणों की आय, 150 इकाइयों का वितरण… - October 27, 2026
