रायगढ़: खराब सड़क से परेशान होकर जनता उतरी सड़क पर, किया 4 घण्टे चक्काजाम….
रायगढ़। जिला मुख्यालय से पूंजीपथरा तक खतरनाक गड्ढे वाले नेशनल हाईवे से त्रस्त लोगों ने गेरवानी चौक में चक्काजाम कर दिया। नतीजतन, एनएच में आवाजाही थमते ही तनाव का जहर घुलते देख पुलिस को मोर्चा सम्हालना पड़ा। एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों को 10 सदस्यीय टीम गठित कर हफ्तेभर में यथासंभव वैकल्पिक निदान का ठोस आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर 4 घंटे बाद चक्काजाम खत्म हुआ। कहने को तो रायगढ़ से धरमजयगढ़ तक चकाचक सड़क निर्माण होना है, लेकिन यह सपना आखिर कब पूरा होगा, इसका सही जवाब प्रशासन ही जाने। यही कारण है कि खासकर रायगढ़ से पूंजीपथरा तक जनहित में सड़क निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासी जनदर्शन में कलेक्टर रानू साहू को भी आवेदन देते हुए में गुहार लगा चुके हैं, पर समस्या का कोई निदान नहीं निकलने पर आखिरकार सब्र का बांध फूटते ही बुधवार सुबह लगभग 9 बजे ग्रामीणों ने गेरवानी चौक में आंदोलन का बिगुल फूंकते हुए चक्काजाम कर दिया।
गेरवानी, लाखा, चिराईपानी, तराईमाल, शिवपुरी, देलारी, गौरमुड़ी, सराईपाली, राबो, गदगांव और तमनार सहित आसपास के दर्जनों महिला – पुरुषों के सड़क के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन करने से गेरवानी चौक के दोनों तरफ आवागमन थमने की भनक लगते ही हरकत में आए पूंजीपथरा थाना प्रभारी कृष्णकांत सिंह दल – बल के साथ मौके पर पहुंचे , मगर प्रदर्शनकारी नहीं उठे नेशनल हाईवे पर दरी बिछाकर बैठे ग्रामीणों की भीड़ में भाजपा और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के लोग भी थे। तमनार क्षेत्र की भाजपा नेत्री सुनीति सत्यानंद राठिया का कहना था कि रायगढ़ से पूंजीपथरा तक रोड इस कदर जर्जर है कि भून चलने लायक नहीं बची। बीते 6 माह से न तो यहां गिट्टी गिरा और न ही मरम्मत कार्य शुरू हुआ। बरसात के मौसम में खतरनाक गड्ढों से सड़क पटने के कारण दुर्घटना का चिंतनीय ग्राफ बढ़ रहा है।
ऐसे में प्रशासन से सड़क निर्माण के लिए सड़क पर उतरना पड़ा। सुनीति ने खराब रोड के लिए भूपेश सरकार पर भी जमकर भड़ास निकाली। वहीं, अन्य लोग भी नारे लगाते रहे। सड़क निर्माण की एकमात्र मांग को लेकर नेशनल हाईवे में चक्काजाम से गेरवानी में तनाव का जहर घुलते देख अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनातगी की गई , ताकि अप्रिय स्थिति निर्मित न हो सके। लगभग 3 घंटे तक काफी चिल्लपों के बाद प्रशासन की तरफ से एसडीएम गगन शर्मा ने गेरवानी चौक पहुंचकर प्रदर्शनकरियों को चक्काजाम हटाने के लिए कहा तो वे समस्या का निराकरण नहीं होते तक डटे रहने की बात कहने लगे। काफी देर तक तर्क-वितर्क के बाद एसडीएम ने ग्रामीणों को 10 सदस्यों का दल बनाते हुए लगातार वार्ता करने के लिए कहा।
साथ ही यह ठोस आश्वासन भी दिया कि वे 7 रोज में यथासंभव ऐसा कोई विकल्प निकालने की भरसक कोशिश करेंगे, जिससे उनकी सड़क समस्या का सुखद निदान होगा तो 4 घंटे तक चक्काजाम करने वाले लोगों ने आंदोलन समाप्त कर दिया। सड़क के लिए करने वालों में पूर्व गेरवानी चौक में चक्काजाम संसदीय सचिव सुनीति राठिया , सतीश बेहरा, रमेश बेहरा, चमेली सिदार, लक्ष्मी भगत, मुकेश अग्रवाल, घनश्याम मालाकार, पितरु मालाकार, सुरेश भोय, महेश भोय , चमार सिंह सिदार, गोंगपा से राजेश मरकाम, रामश्याम डनसेना, विजय डनसेना, जय डनसेना, महिला समूह से संतोषी भट्ट, अगरमति यादव, से पदमा सिदार, कुन्तुला सिदार और उर्मिला गुप्ता सहित काफी संख्या में लोग थे।
- वक्ता मंच की काव्य गोष्ठी: चेतन भारती महामूर्ख बने…”ये साल भी एक सवाल रह गया तेरे नाम का गुलाल रह गया”: राहुल साहू - March 2, 2026
- बरमकेला मे “दो विभाग, दो दुनिया: सड़कों पर पसीना बहा रही पुलिस विभाग ,’कोचियों’ को अभयदान दे रहे आबकारी साहब ? - March 2, 2026
- सारंगढ़ ब्रेकिंग: “सड़क पर पसरा सन्नाटा, बंधापली के पास काल बनकर दौड़ा ट्रक; मौत से जूझ रहा सालर का ईश्वर..” - March 2, 2026
