सारंगढ़। नगर पालिका परिषद सारंगढ़ द्वारा स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। नगर में प्लास्टिक मुक्त जागरूकता अभियान एवं ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। इसके तहत नगर के मुख्य बाजार सहित प्रमुख चौक-चौराहों पर नगर पालिका की टीम ने जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं के साथ मिलकर लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान टीम ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर दुकानदारों और ग्राहकों को जागरूक किया। बैनरों पर ‘सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करें’, ‘प्लास्टिक मुक्त सारंगढ़’ और ‘स्वच्छ व सुंदर सारंगढ़’ जैसे संदेश लिखे गए थे। टीम ने लोगों से पॉलिथीन के स्थान पर कपड़े, कागज और जूट से बने थैलों का इस्तेमाल करने की अपील की।
नगर पालिका सीएमओ सूरज सिदार ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बेहद हानिकारक है। इसके कारण नालियां जाम होती हैं और जमीन की उर्वरता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और इसे पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
वहीं ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने, कचरा खुले में नहीं फेंकने तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की समझाइश दी गई। नगर पालिका की टीम ने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने का संदेश दिया।
बारिश के बीच भी अभियान का उत्साह कम नहीं हुआ। तहसीलदार सिन्हा, नपा सीएमओ सूरज सिदार की टीम, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, हरिनाथ खुटें, पार्षद अमित तिवारी, जगन्नाथ केशरबानी, प्रकाश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्वच्छता दीदियां पूरे उत्साह के साथ अभियान में शामिल हुए।
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी पहल का स्वागत किया और प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने का संकल्प लिया। नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छ सारंगढ़ और प्लास्टिक मुक्त सारंगढ़ के लक्ष्य को पूरा करने के लिए हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाए।

- कुपोषण पर कलेक्टर सख्त, 2855 बच्चों का HPV टीकाकरण जल्द कराने के निर्देश… - September 25, 2026
- सरसीवां में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, नमामि भारतम् में दिखी राष्ट्रभक्ति… - September 25, 2026
- प्लास्टिक मुक्त सारंगढ़ की मुहिम तेज, बारिश में भी सड़क पर उतरी नपा की टीम… - September 25, 2026
