सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर जिले में कुपोषण, पोषण पुनर्वास केंद्र, सुरक्षित प्रसव, एचपीवी टीकाकरण, टीबी उन्मूलन, एनीमिया मुक्त भारत अभियान और चिरायु योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी ढंग से कार्य करें। कुपोषित एवं गंभीर कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी, समय पर उपचार और आवश्यक पोषण सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बाल संदर्भ शिविरों के आयोजन के साथ पात्र हितग्राहियों को मातृत्व वंदन योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सारंगढ़, बरमकेला और बिलाईगढ़ में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने भर्ती बच्चों की संख्या और उपलब्ध बेड की जानकारी लेते हुए आवश्यकता के अनुसार एनआरसी में बेड बढ़ाने के निर्देश बीएमओ को दिए।
हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और गर्भवती महिलाओं को सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
एचपीवी टीकाकरण की समीक्षा के दौरान जिले में 2,855 पात्र बच्चों का टीकाकरण शेष पाए जाने पर कलेक्टर ने विशेष अभियान चलाकर टीकाकरण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने टीबी मरीजों की नियमित निगरानी, एनीमिया की जांच तथा चिरायु योजना के तहत चिन्हांकित बच्चों का समय पर उपचार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी उत्तम सूर्यवंशी, सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव, सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल, डीपीएम दीपक, तीनों ब्लॉक के बीएमओ, बीपीएम, आयुष्मान भारत के जिला समन्वयक रोशन सचदेवा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

- कुपोषण पर कलेक्टर सख्त, 2855 बच्चों का HPV टीकाकरण जल्द कराने के निर्देश… - September 25, 2026
- सरसीवां में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, नमामि भारतम् में दिखी राष्ट्रभक्ति… - September 25, 2026
- प्लास्टिक मुक्त सारंगढ़ की मुहिम तेज, बारिश में भी सड़क पर उतरी नपा की टीम… - September 25, 2026
