सारंगढ़। पश्चिम बंगाल की हाई प्रोफाइल नंदीग्राम सीट पर उपचुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध और लोकतंत्र पर हमला बताया है।
सारंगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं जिला पंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज ने कहा कि नंदीग्राम उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी कोई संयोग नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतिशोध है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा निष्पक्ष चुनाव में भरोसा नहीं करती और चुनावी मुकाबले को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।
राहुल गांधी ने भी गिरफ्तारी को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस न डरेगी और न झुकेगी। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा कभी वोट चोरी, कभी सरकार चोरी और कभी पार्टी चोरी के जरिए सत्ता बचाने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावी मुकाबले से पीछे हटने वाली नहीं है।
हालांकि, पुलिस के मुताबिक मिलन प्रधान को 2007 के नंदीग्राम भूमि आंदोलन से जुड़े हत्या के पुराने मामले में लंबित वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि उनके खिलाफ पुराने मामले में वारंट लंबित था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
मामले में राजनीतिक विवाद उस समय और बढ़ गया, जब तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार संचिता प्रधान ने नामांकन वापस लेकर मिलन प्रधान को समर्थन देने की घोषणा की। इसके बाद मिलन प्रधान की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने कार्रवाई के समय पर सवाल उठाए और इसे राजनीतिक प्रतिशोध से जोड़कर देखा।
वहीं पुलिस की ओर से गिरफ्तारी को लंबित कानूनी प्रक्रिया और वारंट के अनुपालन से जुड़ी कार्रवाई बताया गया है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद नंदीग्राम उपचुनाव में राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है।
बिनोद भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी दबाव से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस न डरेगी, न झुकेगी। हम लड़ेंगे भी और जीतेंगे भी।” अब मिलन प्रधान की गिरफ्तारी का मुद्दा नंदीग्राम उपचुनाव में प्रमुख राजनीतिक मुद्दों में शामिल हो गया है।

- कुपोषण पर कलेक्टर सख्त, 2855 बच्चों का HPV टीकाकरण जल्द कराने के निर्देश… - September 25, 2026
- सरसीवां में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, नमामि भारतम् में दिखी राष्ट्रभक्ति… - September 25, 2026
- प्लास्टिक मुक्त सारंगढ़ की मुहिम तेज, बारिश में भी सड़क पर उतरी नपा की टीम… - September 25, 2026
