रायगढ़। सेकेंड हैंड बोलेरो को खरीद कर घर जा रहे एक युवक की गाड़ी सड़क किनारे पेड़ से इस कदर भिड़ी कि मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई । बेलगाम रफ्तार के कहर से फिर किसी घर का असमय चिराग बुझने का यह मामला शहर के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। घटना की विवेचना कर रहे सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश नारायण पांडेय ने बताया कि जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत गढ़उमरिया में रहने वाले सोनू साहू आत्मज गणेश साहू (19 वर्ष) ने तमनार के धौराभांठा के पप्पू सरदार से उसकी बोलेरो (क्रमांक सीजी 07 बीएन 3740) को सेकेंड हैंड में खरीदने का सौदा तय हुआ। ऐसे में सोमवार दोपहर सोनू धौराभांठा गया और बोलेरो को लेकर वापस गढ़उमरिया वापसी के लिए रवाना हुआ। शाम तकरीबन साढ़े 5 बजे बंगुरसिया के पास चालक सोनू बोलेरो से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी लहराने लगी।

बदहवास सोनू जब तक स्टेयरिंग सम्हाल पाता, इससे पहले उसकी वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। यह हादसा इतना जबर्दस्त था कि गाड़ी के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होते ही उसमें सवार सोनू गंभीर हो गया। चूंकि, बोलेरो में फंसे युवक के शरीर के बाहरी के अलावे अंदरूनी हिस्सों में काफी चोटें आई, इसलिए जीवन और मृत्यु के बीच चन्द सांसें लेते ही उसके प्राण पखेरू उड़ गए। देर शाम राहगीरों ने क्षतिग्रस्त बोलेरो के अंदर चालक की रक्तरंजित लाश को देख इसकी सूचना पुलिस को दी तो मृतक को गाड़ी से निकालकर जिला चिकित्सालय के मयूरी रूम में रखवाया गया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिये साहू परिवार को सौंपते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
