सारंगढ़। जिले के ग्राम बैगिनडीह में पारंपरिक झारा आर्ट के हस्तशिल्प कलाकारों को बड़ी सौगात मिली है। जिला खनिज न्यास निधि (DMF) मद से 8 लाख रुपये की लागत से जीर्णोद्धारित सामान्य सुविधा केंद्र का गुरुवार को जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने फीता काटकर लोकार्पण किया। इस सुविधा केंद्र के शुरू होने से स्थानीय शिल्पकारों को एक ही स्थान पर काम करने की बेहतर सुविधा मिलेगी तथा उनके रोजगार और आजीविका को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
बैगिनडीह अपनी पारंपरिक झारा आर्ट कला के लिए विशेष पहचान रखता है। यहां के कुशल शिल्पकार अपनी मेहनत, रचनात्मकता और पारंपरिक तकनीक के जरिए आकर्षक हस्तनिर्मित कलाकृतियां तैयार करते हैं। इन कलाकृतियों की शहरी क्षेत्रों में भी अच्छी मांग है। ऐसे में सामान्य सुविधा केंद्र कलाकारों को एक साझा कार्यस्थल उपलब्ध कराने के साथ उनकी कला को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
राष्ट्रपति सम्मानित शिल्पकार का किया सम्मान
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने राष्ट्रपति से सम्मानित शिल्पकार हीरा बाई झरेखा को पुष्प भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय कलाकारों द्वारा तैयार की गई विभिन्न कलाकृतियों का अवलोकन किया और उनकी खरीदी कर शिल्पकारों का उत्साहवर्धन किया।
स्थानीय कला को मिलेगा प्रोत्साहन
सामान्य सुविधा केंद्र के जीर्णोद्धार से झारा आर्ट के कलाकारों को अपने हुनर को निखारने, बेहतर परिस्थितियों में हस्तशिल्प तैयार करने और अपनी कला को बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे पारंपरिक कला के संरक्षण के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और शिल्पकारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में भी सकारात्मक पहल मानी जा रही है।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत सीईओ राधेश्याम नायक, ज्योति पटेल, संजू पटेल, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और हस्तशिल्प कलाकार उपस्थित रहे।
- बूथ मजबूती पर जोर, निकाय चुनाव की तैयारी में जुटे कार्यकर्ता… - October 10, 2026
- बूथ स्तर तक पहुंचेगा कांग्रेस सेवादल, संगठन विस्तार की बनी रणनीति… - October 10, 2026
- डेढ़ साल से जर्जर नाली, पार्षद ने निजी खर्च से कराया जीर्णोद्धार - October 10, 2026
