सारंगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत सारंगढ़ स्थित सेजस स्कूल में साइबर सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ मोबाइल व इंटरनेट का उपयोग करने की अपील की।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध के तरीके तेजी से बदल रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सतर्क और जागरूक रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का उपयोग शिक्षा, ज्ञानवर्धन और रचनात्मक कार्यों के लिए किया जाना चाहिए। तकनीक का दुरुपयोग करने से बचें और इंटरनेट पर किसी भी जानकारी पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग पिन और पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करने से बचना चाहिए, क्योंकि इनके माध्यम से मोबाइल का डेटा चोरी होने और बैंक खाते से पैसे निकालने का खतरा रहता है। उन्होंने बताया कि साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल https://cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम रोकने की संभावना बढ़ सकती है।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने विद्यार्थियों को आगाह करते हुए कहा कि मोबाइल पर आने वाले लालच भरे संदेशों और फर्जी कॉल से सावधान रहें। आजकल एआई तकनीक के माध्यम से किसी की फोटो और आवाज से छेड़छाड़ कर फर्जी सामग्री तैयार की जा सकती है, जिसका इस्तेमाल ब्लैकमेलिंग के लिए भी किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय अपने परिजनों और पुलिस को इसकी जानकारी दें। उन्होंने यातायात सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य आदत बनाएं और सड़क पर यातायात नियमों का पालन करें। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
कार्यक्रम स्थल पर छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान से संबंधित बैनर के माध्यम से भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ), एसडीओपी गोबिंद दीवान, आरई चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना, डिजिटल सुरक्षा की आदत विकसित करना और यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना रहा। अधिकारियों ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और जिम्मेदार नागरिकता को समय की आवश्यकता बताया।
- पत्रकार जगन्नाथ बैरागी ने वृद्धाश्रम में मनाया जन्मदिन..बुजुर्गों की आँखों से छलके खुशी के आँसू..दिखावे की चकाचौंध छोड़ आशा निकेतन वृद्धाश्रम पहुँचे पत्रकार बैरागी..बुजुर्ग माताओं को साड़ी, पिताओं को वस्त्र, फल-मिष्ठान और आर्थिक सहयोग देकर लिया आशीर्वाद.. - October 10, 2026
- बूथ मजबूती पर जोर, निकाय चुनाव की तैयारी में जुटे कार्यकर्ता… - October 10, 2026
- बूथ स्तर तक पहुंचेगा कांग्रेस सेवादल, संगठन विस्तार की बनी रणनीति… - October 10, 2026
