सारंगढ़। नगर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित फुलझरिया पारा के नर्सरी चौक की कसेर गली में पिछले डेढ़ वर्षों से जर्जर पड़ी क्रॉसिंग नाली का आखिरकार जीर्णोद्धार कराया गया। नाली की खराब स्थिति के कारण राहगीरों और बाइक सवारों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई लोग नाली में गिरकर घायल भी हो चुके थे। वहीं, बारिश के दिनों में नाली की गंदगी सड़क पर फैलने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती थीं।
नाली के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर वार्ड पार्षद श्रीमती गीता थवाईत ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को कई बार पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया था। वार्ड के जागरूक नागरिकों ने भी नगरपालिका के समक्ष अपनी मांग रखी और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत कर समस्या के समाधान की गुहार लगाई। इसके बावजूद लंबे समय तक नाली की मरम्मत नहीं हो सकी।
नवरात्र पर्व नजदीक आने पर वार्डवासियों और नर्सरी चौक दुर्गोत्सव समिति ने एक बार फिर पार्षद गीता थवाईत से नाली के नवनिर्माण की मांग की। इस पर पार्षद ने पहल करते हुए अपने निजी खर्च से निर्माण सामग्री उपलब्ध कराई और जर्जर क्रॉसिंग नाली का जीर्णोद्धार कराया। इस कार्य में स्थानीय युवाओं ने भी श्रमदान कर सहयोग दिया।
नवरात्र पर्व से दो दिन पहले पार्षद द्वारा नर्सरी चौक स्थित दुर्गा पंडाल के आसपास की सड़कों और नालियों की सफाई भी कराई गई, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और वार्डवासियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
लंबे समय से बनी समस्या के समाधान की दिशा में किए गए इस प्रयास पर नर्सरी चौक दुर्गोत्सव समिति और वार्डवासियों ने पार्षद श्रीमती गीता थवाईत के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि क्षेत्र की अन्य मूलभूत समस्याओं के निराकरण के लिए भी इसी तरह पहल की जाएगी।
- बूथ मजबूती पर जोर, निकाय चुनाव की तैयारी में जुटे कार्यकर्ता… - October 10, 2026
- बूथ स्तर तक पहुंचेगा कांग्रेस सेवादल, संगठन विस्तार की बनी रणनीति… - October 10, 2026
- डेढ़ साल से जर्जर नाली, पार्षद ने निजी खर्च से कराया जीर्णोद्धार - October 10, 2026
