सारंगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सलिहा पुलिस की सक्रियता लगातार रंग ला रही है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की मुस्तैदी और ANTF टीम के साथ बेहतर समन्वय का नतीजा है कि गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.850 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल एवं एसडीओपी दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में 8 अक्टूबर को ANTF टीम और थाना सलिहा पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बसना से सलिहा की ओर आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GG 8327 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल चालक सुशील कुमार साव (28 वर्ष), पिता मनबोध साव, निवासी कुदारीबाहरा कटेल, थाना बसना, जिला महासमुंद के पास से 5.850 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी से पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी विजय साव (35 वर्ष), पिता घसिया साव, निवासी कदारीबाहरा, थाना बसना, जिला महासमुंद को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 3 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना सलिहा पुलिस की सतर्कता, वाहन चेकिंग में मुस्तैदी और ANTF टीम के साथ समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की ऐसी कार्रवाई समाज में सकारात्मक संदेश देती है और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के प्रयासों को मजबूती प्रदान करती है।
थाना प्रभारी एवं उनकी टीम की सक्रियता से यह स्पष्ट होता है कि अवैध नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। जिले में नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ऐसी सतर्कता और सख्त कार्रवाई जरूरी है।
- बूथ मजबूती पर जोर, निकाय चुनाव की तैयारी में जुटे कार्यकर्ता… - October 10, 2026
- बूथ स्तर तक पहुंचेगा कांग्रेस सेवादल, संगठन विस्तार की बनी रणनीति… - October 10, 2026
- डेढ़ साल से जर्जर नाली, पार्षद ने निजी खर्च से कराया जीर्णोद्धार - October 10, 2026
