सारंगढ़। विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर 8 अक्टूबर को निराला हॉस्पिटल, पलारी में नेत्र जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष की थीम “आंख है तो जहान है—चोट से बचाओ, रोशनी बचाओ” रखी गई है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को आंखों की सुरक्षा, नेत्र चोटों से बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर निःशुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
निराला हॉस्पिटल के डॉ. एफआर. निराला ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आंखों की रोशनी प्रभावित होने के प्रमुख कारणों में चोट भी शामिल है। बच्चों में गुल्ली-डंडा खेलते समय, पेन की नोक और पटाखों से आंखों में चोट लगने का खतरा रहता है। वहीं किसानों की आंखों में धान की लाई, भूसा और कीटनाशक जाने से गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। वेल्डिंग का काम करने वाले मजदूरों के लिए बिना सुरक्षा चश्मे के काम करना भी आंखों के लिए बेहद खतरनाक है। उन्होंने बताया कि उचित सावधानी बरतकर आंखों की चोट से होने वाले कई मामलों को रोका जा सकता है।
डॉ. निराला ने कहा कि आंख में धूल, भूसे या धान की छोटी-सी लाई चले जाने पर भी लापरवाही नहीं करनी चाहिए, क्योंकि इससे संक्रमण और गंभीर परेशानी का खतरा हो सकता है। आंख में चोट लगने पर उसे रगड़ने से बचें। घरेलू उपचार के नाम पर हल्दी, दूध या गुलाब जल आंखों में बिल्कुल न डालें। ऐसी स्थिति में जल्द से जल्द नेत्र चिकित्सक से संपर्क करना जरूरी है। समय पर उपचार मिलने से आंखों को गंभीर नुकसान से बचाने की संभावना बढ़ जाती है।
उन्होंने आंखों की सुरक्षा के लिए सात सूत्रीय बचाव मंत्र भी दिया। इसके तहत खेतों और कारखानों में काम करते समय सुरक्षा चश्मा पहनने, बच्चों को नुकीले खिलौनों से दूर रखने, मोबाइल और कंप्यूटर का उपयोग करते समय 20-20-20 नियम अपनाने, विटामिन ए युक्त भोजन लेने, अंधेरे में मोबाइल देखने से बचने तथा सभी मिडिल स्कूल के बच्चों की नियमित नेत्र जांच कराने पर जोर दिया।
डॉ. निराला ने आम नागरिकों से अपील की कि आंखों की चोट को मामूली समझकर नजरअंदाज न करें। आंखें अनमोल हैं और थोड़ी-सी सावधानी जीवनभर की रोशनी बचा सकती है। विश्व दृष्टि दिवस पर आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम लोगों को नेत्र सुरक्षा के प्रति सचेत करने और समय पर उपचार के महत्व को समझाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
- बूथ मजबूती पर जोर, निकाय चुनाव की तैयारी में जुटे कार्यकर्ता… - October 10, 2026
- बूथ स्तर तक पहुंचेगा कांग्रेस सेवादल, संगठन विस्तार की बनी रणनीति… - October 10, 2026
- डेढ़ साल से जर्जर नाली, पार्षद ने निजी खर्च से कराया जीर्णोद्धार - October 10, 2026
