सारंगढ़। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की विधानसभा स्तरीय बैठक भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
बैठक से पहले प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े ने जनपद पंचायत परिसर स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात उन्होंने बाबा गुरु घासीदास की ज्ञान स्थली पहुंचकर जैतखाम की पूजा-अर्चना की और श्रद्धा व्यक्त की।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष डॉ. जांगड़े ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन की मजबूत संरचना तैयार करना और आम जनता के बीच पार्टी की सक्रिय उपस्थिति बनाए रखना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया।
बैठक में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और पार्टी की योजनाओं एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ सहभागिता की।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, सुभाष जालान, कामदा जोल्हे, ओमेश जिभेकर, अनिल सोनवानी, रमाशंकर बंजारे, देवेंद्र रात्रे, शिवकुमार चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
- बूथ मजबूती पर जोर, निकाय चुनाव की तैयारी में जुटे कार्यकर्ता… - October 10, 2026
- बूथ स्तर तक पहुंचेगा कांग्रेस सेवादल, संगठन विस्तार की बनी रणनीति… - October 10, 2026
- डेढ़ साल से जर्जर नाली, पार्षद ने निजी खर्च से कराया जीर्णोद्धार - October 10, 2026
