सारंगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। इसी कड़ी में जिला अस्पताल में संचालित अटल आरोग्य लैब आम जनता के लिए वरदान साबित हो रही है। महज चार माह में लैब ने निःशुल्क जांच के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए हजारों मरीजों को राहत पहुंचाई है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन, सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व और आरएमओ डॉ. नरेंद्र रात्रे के पर्यवेक्षण में संचालित इस लैब में अब तक 23,001 मरीजों की कुल 86,975 पैथोलॉजी जांचें पूरी तरह निःशुल्क की जा चुकी हैं। इस सुविधा से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों सहित आम मरीजों को निजी पैथोलॉजी लैब में जांच कराने पर होने वाले खर्च से राहत मिल रही है।
लैब की इस उपलब्धि में पैथोलॉजिस्ट डॉ. रमेश साहू और लैब टेक्नोलॉजिस्ट की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अत्याधुनिक मशीनों से सुसज्जित अटल आरोग्य लैब में वर्तमान में 134 प्रकार की उच्च स्तरीय जांचें निःशुल्क उपलब्ध हैं। इससे मरीजों को एक ही स्थान पर आवश्यक जांच की सुविधा मिल रही है और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आम लोगों तक बेहतर तरीके से सुनिश्चित हो रही है।
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निजी लैब में अनावश्यक रूप से पैसा खर्च करने के बजाय जिला अस्पताल में उपलब्ध निःशुल्क जांच सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि जल्द ही अटल आरोग्य लैब में माइक्रोबायोलॉजी जांच की सुविधा भी निःशुल्क शुरू की जाएगी। इसके शुरू होने से गंभीर संक्रमण और जटिल बीमारियों की पहचान के लिए आवश्यक जांच जिला अस्पताल में ही उपलब्ध हो सकेगी।
अटल आरोग्य लैब की यह उपलब्धि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। चार माह में 86 हजार से अधिक जांचों का निःशुल्क होना इस बात का संकेत है कि सरकारी अस्पतालों में बेहतर जांच सुविधाएं उपलब्ध होने से आम जनता को बड़ी आर्थिक राहत मिल सकती है। आने वाले समय में माइक्रोबायोलॉजी जांच सुविधा शुरू होने से जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और व्यापक होने की उम्मीद है।

- बूथ मजबूती पर जोर, निकाय चुनाव की तैयारी में जुटे कार्यकर्ता… - October 10, 2026
- बूथ स्तर तक पहुंचेगा कांग्रेस सेवादल, संगठन विस्तार की बनी रणनीति… - October 10, 2026
- डेढ़ साल से जर्जर नाली, पार्षद ने निजी खर्च से कराया जीर्णोद्धार - October 10, 2026
