सारंगढ़। एपीएस में टर्म-वन परीक्षा परिणाम वितरण के साथ पालक-शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति से पालकों को अवगत कराना और बेहतर परिणाम के लिए विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच समन्वय स्थापित करना रहा।
इस बार विद्यालय प्रबंधन ने पारदर्शिता की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए पालकों को केवल अंकसूची ही नहीं, बल्कि उनके बच्चों की उत्तर पुस्तिकाएं भी दिखाई गईं। इससे अभिभावकों को बच्चों की लेखन शैली, प्रश्नों के उत्तर देने के तरीके, गलतियों और सुधार की आवश्यकता को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में पालकों ने सहभागिता की। उन्होंने शिक्षकों से वन-टू-वन चर्चा कर अपने बच्चों की पढ़ाई, परीक्षा में प्रदर्शन और शैक्षणिक प्रगति की जानकारी प्राप्त की। शिक्षकों ने प्रत्येक विद्यार्थी की कमजोरियों और क्षमताओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी टर्म-टू परीक्षा की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। साथ ही बच्चों की पढ़ाई में सुधार लाने के लिए पालकों को भी घर पर नियमित अध्ययन का माहौल बनाने और बच्चों की प्रगति पर ध्यान देने की सलाह दी गई।
विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि पालक और शिक्षक के बीच निरंतर संवाद ही बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव है। उत्तर पुस्तिकाएं दिखाने का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखना, विद्यार्थियों की वास्तविक कमियों को सामने लाना और उन्हें समय रहते सुधारने का अवसर देना है।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी गई तथा अन्य विद्यार्थियों को भी आगामी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया। पालकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर पुस्तिकाएं देखने से बच्चों की पढ़ाई की वास्तविक स्थिति समझने और उनकी कमियों को दूर करने में मदद मिलेगी।
एपीएस की यह पहल शिक्षा में पारदर्शिता, जवाबदेही और पालक-शिक्षक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को अपनी गलतियों से सीखने, कमजोर विषयों पर मेहनत करने और आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।
- बूथ मजबूती पर जोर, निकाय चुनाव की तैयारी में जुटे कार्यकर्ता… - October 10, 2026
- बूथ स्तर तक पहुंचेगा कांग्रेस सेवादल, संगठन विस्तार की बनी रणनीति… - October 10, 2026
- डेढ़ साल से जर्जर नाली, पार्षद ने निजी खर्च से कराया जीर्णोद्धार - October 10, 2026
