सारंगढ़। शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा में बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने और विद्यालय का वातावरण आकर्षक बनाने की दिशा में सराहनीय पहल की गई है। प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी की प्रेरणा एवं विद्यालय के प्रति समर्पण से प्रभावित होकर ग्राम पंचायत दहिदा के सरपंच सहसराम जांगड़े ने स्कूली बच्चों के लिए आधुनिक ग्रीन बोर्ड दान किया। वहीं, सरपंच एवं जनसहयोग से खेल मैदान को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाकर विद्यालय को सौंपा गया।
ग्रीन बोर्ड मिलने से अब नौनिहालों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। वहीं, व्यवस्थित खेल मैदान बच्चों के शारीरिक विकास, मनोरंजन और खेल-खेल में सीखने के अवसर बढ़ाएगा। यह पहल विद्यालय में आनंददायी शिक्षण (Joyful Learning) के वातावरण को प्रोत्साहित करने के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 भी बच्चों के लिए गतिविधि आधारित, अनुभवात्मक और आनंददायी शिक्षा पर जोर देती है। ऐसे में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समुदाय की सहभागिता से विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का यह प्रयास अनुकरणीय है। यह साबित करता है कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में शासन-प्रशासन के साथ समाज की भागीदारी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी की प्रेरणा और सरपंच सहसराम जांगड़े के सहयोग से विद्यालय को मिली इस सौगात पर शालेय परिवार ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर असरिता टोप्पो, संजय कुमार मिश्रा, खेमराज पटेल सहित विद्यालय के शिक्षक एवं स्कूली छात्र उपस्थित रहे।

- सरपंच की अनूठी पहल, दहिदा स्कूल को मिला ग्रीन बोर्ड और सुंदर खेल मैदान… - October 10, 2026
- युवाओं के सपनों को नई उड़ान, संजय भूषण पाण्डेय ने दिया सफलता का मंत्र… - October 10, 2026
- अटल विहार पर लालफीताशाही का ताला, 454 घरों का सपना अधर में… - October 10, 2026
