सारंगढ़। नगर पालिका की सफाई व्यवस्था को लेकर शहरवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सफाई विभाग की कथित लापरवाही और नियमित साफ-सफाई के अभाव में नगर के कई हिस्सों में गंदगी की समस्या गंभीर होती नजर आ रही है। पूर्व विधायक पदमा घनश्याम मनहर के निवास क्षेत्र रानीसागर वार्ड में भी इन दिनों नालियों और सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर रहवासियों में आक्रोश है।
रानीसागर क्षेत्र में कई स्थानों पर नाली का गंदा पानी सड़क किनारे फैल रहा है, वहीं जगह-जगह कचरा और गंदगी बिखरी दिखाई दे रही है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों का कहना है कि लंबे समय से सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

‘वीआईपी वार्ड में यह हाल तो बाकी वार्डों का क्या होगा?’
स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि रानीसागर को शहर के प्रमुख और वीआईपी क्षेत्रों में गिना जाता है। इसके बावजूद यदि यहां नालियों और सड़कों की सफाई व्यवस्था ऐसी है, तो नगर के अन्य वार्डों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। रहवासियों का आरोप है कि सफाई के लिए नगर पालिका में मोबाइल फोन के माध्यम से शिकायतें भी दर्ज कराई जाती हैं, लेकिन शिकायतों के बाद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से लोगों की परेशानी बनी हुई है।
खबरें और शिकायतें बेअसर
शहर के विभिन्न मोहल्लों और वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय स्तर पर समाचार प्रकाशित होने के साथ ही नागरिकों द्वारा नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों से भी साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की जाती रही है। बावजूद इसके कई इलाकों में स्थिति में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है।
लाखों का खर्च, फिर भी सफाई व्यवस्था बदहाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि नगर पालिका द्वारा साफ-सफाई व्यवस्था पर हर महीने लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद यदि शहर के प्रमुख इलाकों में कचरा, गंदा पानी और गंदगी दिखाई दे रही है, तो आखिर इस व्यवस्था की निगरानी किस स्तर पर हो रही है? सफाई के नाम पर होने वाले खर्च और जमीनी हकीकत के बीच अंतर को लेकर नागरिकों में चर्चा तेज है।
रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि रानीसागर सहित पूरे शहर में नालियों की नियमित सफाई, कचरा उठाव और सड़क किनारे फैली गंदगी की तत्काल सफाई कराई जाए। साथ ही सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग कर लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाए, ताकि शहरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।
- शक्ति कलश के साथ सारंगढ़ में गूंजा युग निर्माण का संदेश… - October 5, 2026
- सड़क सुरक्षा का संदेश, 100 से ज्यादा हेलमेट वितरित… - October 5, 2026
- रेशम की डोर ने बदली किस्मत, टसर कृमिपालन से लाखों की कमाई… - October 5, 2026
