सारंगढ़। शासकीय प्राथमिक शाला साराडीह के प्रधान पाठक रमाशंकर साहू एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती गुणवती साहू, प्रधान पाठक शासकीय प्राथमिक शाला खैरहा, की अनूठी पहल से विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय शैक्षिक एवं धार्मिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव कराना रहा।
भ्रमण की शुरुआत गायत्री मंदिर से हुई। यहां विद्यार्थियों ने गायत्री माता के दर्शन कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा अपने उज्ज्वल भविष्य और उत्तम शिक्षा के लिए प्रार्थना की। इसके बाद बच्चों को मां समलेश्वरी मंदिर एवं काली मंदिर ले जाया गया, जहां उन्होंने श्रद्धापूर्वक देवी-देवताओं के दर्शन किए और भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं को करीब से जाना।
धार्मिक स्थलों के भ्रमण के पश्चात विद्यार्थियों को सारंगढ़ स्थित कलेक्टर परिसर का भ्रमण कराया गया। यहां बच्चों को जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली, विभिन्न शासकीय कार्यालयों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियों के बारे में सरल तरीके से जानकारी दी गई। प्रशासनिक व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से देखकर बच्चों में जिज्ञासा और उत्साह देखने को मिला।
इसके बाद विद्यार्थियों को दैनिक साप्ताहिक बाजार एवं शहर के पार्क (गार्डन) का भ्रमण कराया गया। बाजार में बच्चों ने स्थानीय गतिविधियों और व्यापारिक व्यवस्था को समझा, वहीं पार्क में मनोरंजन के साथ प्रकृति एवं पर्यावरण से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंत में प्रधान पाठक रमाशंकर साहू एवं श्रीमती गुणवती साहू द्वारा सभी बच्चों के लिए स्वादिष्ट एवं पौष्टिक न्योता भोज का आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक भोजन किया और इस पूरे भ्रमण को यादगार अनुभव के रूप में संजोया।
प्रधान पाठक रमाशंकर साहू ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। प्रत्यक्ष अनुभव, सामाजिक परिवेश, संस्कृति, प्रकृति और प्रशासनिक व्यवस्था से परिचय बच्चों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, जिज्ञासा और सीखने की नई रुचि पैदा करते हैं।

- शक्ति कलश के साथ सारंगढ़ में गूंजा युग निर्माण का संदेश… - October 5, 2026
- सड़क सुरक्षा का संदेश, 100 से ज्यादा हेलमेट वितरित… - October 5, 2026
- रेशम की डोर ने बदली किस्मत, टसर कृमिपालन से लाखों की कमाई… - October 5, 2026
