सारंगढ़। आगामी 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के सफल आयोजन एवं व्यापक जन-जागरण को लेकर सारंगढ़ शक्तिपीठ से जुड़े ट्रस्टी, परिजन एवं प्रतिनिधिगण 27 सितंबर 2026 को श्रद्धापूर्वक शांतिकुंज, हरिद्वार के लिए रवाना हुए। इस पावन यात्रा का मुख्य उद्देश्य आगामी महायज्ञ के लिए शक्ति कलश प्राप्त करना था।
शांतिकुंज, हरिद्वार में विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर शक्ति कलश प्राप्त किया गया। आध्यात्मिक ऊर्जा से जुड़ा यह शक्ति कलश संस्कार, सद्भावना, सेवा, साधना, जन-जागरण एवं युग निर्माण के पवित्र संदेश का प्रतीक माना गया।
3 अक्टूबर 2026 को शक्ति कलश के सारंगढ़ आगमन पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सारंगढ़ बस स्टैंड से बाजे-गाजे एवं भक्तिमय वातावरण के बीच शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भारत माता चौक, मछलीपसरा मार्ग और एसबीआई बैंक के सामने से गुजरते हुए सारंगढ़ शक्तिपीठ पहुंची।
शोभायात्रा के दौरान गायत्री परिवार के परिजनों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली। पूरे मार्ग में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ शक्ति कलश का स्वागत किया तथा इस पावन अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का संकल्प लिया।
शोभायात्रा के पश्चात सारंगढ़ शक्तिपीठ में विधिवत पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ शक्ति कलश की स्थापना की गई। इस अवसर पर उपस्थित गायत्री परिवार के परिजनों, ट्रस्टियों, प्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं ने आगामी 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ को सफल बनाने तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस आध्यात्मिक अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।
गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह शक्ति कलश केवल एक कलश नहीं, बल्कि सद्विचार, संस्कार, सेवा, साधना और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेशवाहक है। आगामी 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना, सद्भावना, संस्कार एवं जन-जागरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर गायत्री परिवार के परिजनों, ट्रस्टियों, प्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं ने सभी समाजजनों से आगामी 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने तथा इस दिव्य एवं जनकल्याणकारी अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।


- शक्ति कलश के साथ सारंगढ़ में गूंजा युग निर्माण का संदेश… - October 5, 2026
- सड़क सुरक्षा का संदेश, 100 से ज्यादा हेलमेट वितरित… - October 5, 2026
- रेशम की डोर ने बदली किस्मत, टसर कृमिपालन से लाखों की कमाई… - October 5, 2026
