सारंगढ़। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने सोमवार को सारंगढ़ स्थित जिला कोषालय, तहसील एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। अचानक निरीक्षण पर पहुंचीं कलेक्टर ने विभिन्न कार्यालयों में चल रहे कामकाज, व्यवस्थाओं और अभिलेखों के संधारण की बारीकी से जानकारी ली।
कलेक्टर श्रीमती साहू ने जिला कोषालय पहुंचकर कोष-लेखा से संबंधित कार्यों, अभिलेखों के संधारण एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान कोषालय अधिकारी श्री उत्तम कुमार तुर्काने, सहायक कोषालय अधिकारी श्री हरिराम पटेल एवं खजांची श्री हेमराज सिदार उपस्थित रहे।
इसके बाद कलेक्टर ने उप पंजीयक एवं रजिस्ट्रार कार्यालय, तहसीलदार कक्ष, नायब तहसीलदार कक्ष, वासिल बाकी नवीस शाखा, नायब नाजिर शाखा तथा अभिलेखागार शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों की जानकारी लेते हुए दस्तावेजों एवं अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति भी देखी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों का नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने शासकीय कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कलेक्टर ने कार्यालयों में कार्यों की नियमित निगरानी, अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण और नागरिकों को बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम सारंगढ़ श्री उमेश साहू, तहसीलदार श्री नंदकुमार सिन्हा, नायब तहसीलदार श्री प्रकाश पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


- शक्ति कलश के साथ सारंगढ़ में गूंजा युग निर्माण का संदेश… - October 5, 2026
- सड़क सुरक्षा का संदेश, 100 से ज्यादा हेलमेट वितरित… - October 5, 2026
- रेशम की डोर ने बदली किस्मत, टसर कृमिपालन से लाखों की कमाई… - October 5, 2026
