सारंगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला पुलिस विभाग द्वारा सारंगढ़ बस स्टैंड परिसर में यातायात जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को सड़क सुरक्षा, नशे में वाहन चलाने के दुष्परिणाम और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कलेक्टर पद्मिनी भोई रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जगन्नाथ पाणिग्रही, ज्योति पटेल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सीपीएम कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक नुक्कड़ नाटक से हुआ। विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने, नशे में वाहन नहीं चलाने और सड़क पर जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने का संदेश दिया।
मंच से अतिथियों ने भी यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया। जगन्नाथ पाणिग्रही, ज्योति पटेल और संजय भूषण पांडे ने सड़क सुरक्षा को लेकर अपने विचार रखते हुए नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
कलेक्टर पद्मिनी भोई ने कहा कि उन्होंने जिले में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों की जानकारी पुलिस अधीक्षक से ली है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में कमी आई है। 2025 में जहां 147 मौतें दर्ज हुई थीं, वहीं 2026 में यह संख्या 90 रही। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं और मौतों की संख्या को और कम करने के प्रयास किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने नशे और वाहन चलाने के संबंध में लोगों को गंभीर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि शराब, हशीश, अफीम, कोकीन एवं अन्य साइकोट्रोपिक ड्रग्स का सेवन व्यक्ति की दृष्टि, निर्णय लेने की क्षमता और प्रतिक्रिया को प्रभावित करता है, जिससे गंभीर एवं घातक सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने पर मोटर वाहन संशोधन अधिनियम के तहत निर्धारित दंड की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम अपराध में 6 माह तक का कारावास या 10 हजार रुपये तक का जुर्माना अथवा दोनों हो सकते हैं। पुनः अपराध की स्थिति में 15 हजार रुपये तक का जुर्माना या 2 वर्ष तक का कारावास अथवा दोनों का प्रावधान है।
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” को जीवन का सूत्र बनाकर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। इस दौरान लोगों को हेलमेट के महत्व के बारे में भी बताया गया।
अभियान के दौरान आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए 100 से अधिक हेलमेट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, एसडीएम उमेश पटेल साहू, एसडीओपी गोविंद दीवान, संतोषी ग्रेस, थाना प्रभारी प्रमोद यादव, जितेंद्र चंद्रा सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार, चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी तथा नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


- शक्ति कलश के साथ सारंगढ़ में गूंजा युग निर्माण का संदेश… - October 5, 2026
- सड़क सुरक्षा का संदेश, 100 से ज्यादा हेलमेट वितरित… - October 5, 2026
- रेशम की डोर ने बदली किस्मत, टसर कृमिपालन से लाखों की कमाई… - October 5, 2026
