सारंगढ़। अग्र समाज के इतिहास में 10 अक्टूबर 2026 को एक नया और गौरवशाली अध्याय जुड़ने जा रहा है। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के तत्वावधान में पहली बार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला मैदान स्थित लव-कुश रामलीला मैदान में भगवान श्री अग्रसेन जयंती का भव्य राष्ट्रीय आयोजन किया जाएगा। शनिवार, 10 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक समारोह में देशभर से हजारों अग्रबंधु, मातृशक्ति और युवा शामिल होंगे।
आयोजन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्रीय संघ चालक पवन जिंदल, दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता तथा हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय टीम व्यापक तैयारियों में जुटी है। सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल, राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद अग्रवाल तथा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नत्थूराम जैन सहित देशभर के पदाधिकारी आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय उप महामंत्री प्रमोद जैन ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने समाज में सहयोग, समानता और परस्पर सहभागिता की भावना को मजबूत करने के लिए ‘एक रुपया और एक ईंट’ का सिद्धांत दिया था। इसी विचारधारा ने समाज में एकजुटता और सामाजिक सहयोग की मजबूत नींव रखी है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयोजित होने वाला यह महाकुंभ केवल जयंती समारोह नहीं, बल्कि अग्र समाज की एकता, सामाजिक समरसता, सेवा, समृद्धि और राष्ट्रभक्ति का विराट संदेश देने वाला अवसर होगा। ऐतिहासिक लाल किला क्षेत्र से उठने वाला यह संदेश देश ही नहीं, बल्कि विश्वभर में समाज की एकजुटता और गौरव को प्रदर्शित करेगा।
आयोजकों ने अग्रवाल समाज, मारवाड़ी युवा मंच, अग्रबंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं समस्त देशवासियों से सपरिवार दिल्ली पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने और भगवान श्री अग्रसेन जयंती समारोह को भव्य एवं सफल बनाने की अपील की है।

- सारंगढ़ में खेलों का महाकुंभ, मंत्रियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला… - October 5, 2026
- अग्रसेन जयंती पर बच्चों ने दिखाया हुनर, प्रतियोगिताओं में उमड़ा उत्साह… - October 5, 2026
- सेवा संकल्प में सजा आंगन, मंत्रियों ने कराया गोद भराई… - October 5, 2026
