सारंगढ़। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत सेक्टर गाताडीह के ग्राम पंचायत हरदी में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं महिला मोर्चा महामंत्री श्रीमती शिवकुमारी साहू, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बैजन्ती लहरे, जनपद सदस्य श्रीमती अंजू भागवत, जनपद सदस्य जीवन नेताम, ग्राम पंचायत हरदी के सरपंच-पंच सहित कोसीर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुषों के साथ गर्भवती एवं शिशुवती माताएं, मितानिन, किशोरी बालिकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं पर्यवेक्षक शामिल हुईं। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
आंगन मिलन कार्यक्रम में खेल प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गोदभराई, अन्नप्राशन और न्योता भोज का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया, वहीं विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हितग्राहियों ने ‘मेरी कहानी मेरी जुबानी’ के तहत योजना से मिलने वाले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि योजना से प्राप्त सहायता उनके परिवार की जरूरतों को पूरा करने में उपयोगी साबित हो रही है।
पर्यवेक्षक श्रीमती विद्यावती बंजारे ने उपस्थित महिलाओं एवं हितग्राहियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना, नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या योजना सहित अन्य योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और मिलने वाले लाभ के बारे में बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना रहा।

- सारंगढ़ में खेलों का महाकुंभ, मंत्रियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला… - October 5, 2026
- अग्रसेन जयंती पर बच्चों ने दिखाया हुनर, प्रतियोगिताओं में उमड़ा उत्साह… - October 5, 2026
- सेवा संकल्प में सजा आंगन, मंत्रियों ने कराया गोद भराई… - October 5, 2026
