सारंगढ़। नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई उम्मीद जगी है। जिले में लंबे समय से की जा रही डाइट (DIET) कॉलेज की स्थापना की मांग पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने त्वरित कार्यवाही का आश्वासन दिया है। डाइट कॉलेज की स्थापना को जिले के शिक्षकों, युवाओं और शिक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपकर जिले में डाइट कॉलेज खोलने की मांग प्रमुखता से रखी। उन्होंने बताया कि जिले के शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए धरमजयगढ़ स्थित डाइट कॉलेज तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे शिक्षकों को समय के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
डाइट कॉलेज की स्थापना होने से जिले के शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए दूसरे जिले की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। उन्हें अपने ही जिले में आधुनिक संसाधनों के साथ उन्नत प्रशिक्षण की सुविधा मिल सकेगी। इससे शिक्षकों की क्षमता में वृद्धि होने के साथ जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार आने की उम्मीद है।
स्कूलों के उन्नयन की भी मांग
जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिले के भवनविहीन स्कूलों में नए भवन निर्माण के साथ ही पूर्व माध्यमिक विद्यालयों को हाईस्कूल तथा हाईस्कूलों को हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन करने की मांग भी शिक्षा मंत्री के समक्ष रखी।
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने आश्वस्त किया कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाई तक ले जाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। डाइट कॉलेज की स्थापना से जहां शिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण का स्थानीय स्तर पर अवसर मिलेगा, वहीं युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध होने की उम्मीद है।
जिले में डाइट कॉलेज की स्थापना की पहल को शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यदि यह मांग मूर्त रूप लेती है तो आने वाले समय में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के हजारों शिक्षकों और युवाओं को इसका सीधा लाभ मिल सकता है।

- सारंगढ़ में खेलों का महाकुंभ, मंत्रियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला… - October 5, 2026
- अग्रसेन जयंती पर बच्चों ने दिखाया हुनर, प्रतियोगिताओं में उमड़ा उत्साह… - October 5, 2026
- सेवा संकल्प में सजा आंगन, मंत्रियों ने कराया गोद भराई… - October 5, 2026
