सारंगढ़। विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा में प्रधान पाठक श्रीमती प्रियंका गोस्वामी के कुशल मार्गदर्शन में ‘विविधता में एकता’ उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की मूल भावना समता, समावेशन, बहुभाषिकता और भारतीयता से परिचित कराना रहा।
उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा, बोली-भाषा, खान-पान, त्योहारों और लोकसंस्कृति का जीवंत प्रदर्शन किया। बच्चों ने अलग-अलग संस्कृतियों को समझते हुए विविधताओं का सम्मान करने तथा एक-दूसरे के प्रति अपनत्व और सम्मान की भावना विकसित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बच्चों ने नाटक, नृत्य, संगीत एवं लोककला जैसी गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इससे विद्यार्थियों को केवल किताबों तक सीमित रहने के बजाय करके और अनुभव के माध्यम से सीखने का अवसर मिला। गतिविधियों के जरिए बच्चों में सामाजिक एवं संज्ञानात्मक विकास के साथ-साथ सहयोग, सहभागिता और अभिव्यक्ति कौशल को भी बढ़ावा मिला।
‘विविधता में एकता’ उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, क्षेत्रीय कलाओं और लोकाचार से परिचित कराया गया। साथ ही ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया।
विद्यालय की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए डीईओ एल.एन. पटेल एवं बीईओ श्रीमती सोमा सिंह ठाकुर ने प्रधान पाठक श्रीमती प्रियंका गोस्वामी सहित समस्त शालेय परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि बचपन से ही बच्चों को विविध संस्कृतियों से जोड़कर उनमें समावेशी सोच, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र की एकता की मजबूत नींव रखी जा सकती है।


- सारंगढ़ में खेलों का महाकुंभ, मंत्रियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला… - October 5, 2026
- अग्रसेन जयंती पर बच्चों ने दिखाया हुनर, प्रतियोगिताओं में उमड़ा उत्साह… - October 5, 2026
- सेवा संकल्प में सजा आंगन, मंत्रियों ने कराया गोद भराई… - October 5, 2026
