सारंगढ़। जिले में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के भव्य उद्घाटन समारोह में शामिल होने प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव एवं जिले के प्रभारी मंत्री तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा सारंगढ़ पहुंचे। मंत्रियों के आगमन पर सर्किट हाउस में जिला प्रशासन की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंटकर मंत्रीद्वय का अभिनंदन किया। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों ने राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की तैयारियों, व्यवस्थाओं और आयोजन से संबंधित जानकारी मंत्रियों को दी।
सर्किट हाउस में भाजपा जिलाध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भी मंत्रीद्वय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान पुष्पगुच्छ एवं पुष्पमाला से उनका स्वागत किया गया। मंत्रियों के आगमन को लेकर सर्किट हाउस परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल नजर आया।
सारंगढ़ में पहली बार इतने बड़े स्तर पर राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 330 खिलाड़ी छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। इतने बड़े आयोजन को लेकर जिलेवासियों में भी खासा उत्साह और हर्ष का वातावरण है।
स्वागत कार्यक्रम के पश्चात मंत्रीद्वय खेल परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह के लिए रवाना हुए। वहां उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। राज्य स्तरीय आयोजन से सारंगढ़ में खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिलने के साथ ही जिले की खेल गतिविधियों को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।



- सारंगढ़ में खेलों का महाकुंभ, मंत्रियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला… - October 5, 2026
- अग्रसेन जयंती पर बच्चों ने दिखाया हुनर, प्रतियोगिताओं में उमड़ा उत्साह… - October 5, 2026
- सेवा संकल्प में सजा आंगन, मंत्रियों ने कराया गोद भराई… - October 5, 2026
