सारंगढ़। 1008 महाराजा श्री अग्रसेन जी की जयंती के पावन अवसर पर 4 अक्टूबर रविवार को मारवाड़ी युवा मंच सारंगढ़ एवं श्री अग्रसेन जयंती आयोजन समिति सारंगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में नगर के अग्रसेन भवन में विभिन्न बाल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों से लेकर युवाओं और सामान्य वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की प्रथम पाली में 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए रंग भरो प्रतियोगिता, 7 से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए त्रिकोणीय दौड़, एक मिनट प्रतियोगिता एवं स्लो साइकिल रेस आयोजित की गई। रंग भरो प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों को अपनी रंग भरने की सामग्री घर से लाने के लिए कहा गया था, जबकि ड्राइंग शीट आयोजन समिति एवं मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजन स्थल पर उपलब्ध कराई गई।
त्रिकोणीय दौड़, एक मिनट प्रतियोगिता एवं स्लो साइकिल रेस से संबंधित नियम प्रतिभागियों को कार्यक्रम स्थल पर ही समझाए गए। बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अग्रसेन जयंती के द्वितीय पाली का कार्यक्रम शाम 5 बजे शुरू हुआ। इसमें सामान्य वर्ग के लिए ‘सॉल्व द पजल’ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रथम स्थान पर कान्हा अग्रवाल एवं केजरीवाल रहे। इसके अलावा 15 वर्ष तक के प्रतिभागियों के लिए जूनियर कुर्सी दौड़ तथा 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए सीनियर कुर्सी दौड़ का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं के नियम आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों को बताए गए।
आयोजन समिति एवं मारवाड़ी युवा मंच ने सभी अग्र बंधुओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की थी। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों और प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अग्रसेन सेवा संघ अध्यक्ष दिनेश धनानिया एवं अग्रवाल सभा अध्यक्ष संतोष अग्रवाल सहित उनकी टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच एवं आयोजन समिति के साथ कदम से कदम मिलाकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
मारवाड़ी युवा मंच सारंगढ़ एवं श्री अग्रसेन जयंती आयोजन समिति के नेतृत्व में आयोजित इन प्रतियोगिताओं ने अग्रसेन जयंती समारोह को उत्साह, उमंग और सामाजिक एकजुटता से भर दिया।



- सारंगढ़ में खेलों का महाकुंभ, मंत्रियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला… - October 5, 2026
- अग्रसेन जयंती पर बच्चों ने दिखाया हुनर, प्रतियोगिताओं में उमड़ा उत्साह… - October 5, 2026
- सेवा संकल्प में सजा आंगन, मंत्रियों ने कराया गोद भराई… - October 5, 2026
