सारंगढ़-बिलाईगढ़।
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा सारंगढ़–बिलाईगढ़ की जिलाध्यक्ष श्रीमती वैजयंती नंदू लहरे ने खुद और अपने परिवार पर लग रहे राजनीतिक आरोपों पर चुप्पी तोड़ते हुए विरोधियों पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने एक विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी कर छवि धूमिल करने वालों के खिलाफ मानहानि का नोटिस भेजने की चेतावनी दी है।
वैजयंती लहरे ने बयान जारी कर कहा कि आगामी 2028 के विधानसभा चुनाव के भय से वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधियों और संभावित दावेदारों में उन्हें व उनके पति को बदनाम करने की होड़ मची हुई है। उन्होंने सीधे चुनौती देते हुए कहा कि यदि किसी में सच्चाई और दम है तो वह उनके पति नंदू लहरे के साथ मंच पर ‘लाइव डिबेट’ कर ले।

पारिवारिक मजबूरी और मानवीय पहलू हवाला-
विज्ञप्ति में अपने भतीजे महावीर शायर (महावीर ट्रेडर्स) पर उठ रहे सवालों पर स्पष्टीकरण देते हुए लहरे ने कहा कि उनका मासूम बच्चा (लगभग 26-27 माह) जन्म से ही गंभीर बीमारी (सेरेब्रल पाल्सी – C.P. चाइल्ड) से ग्रसित है। उसके इलाज के लिए पूरा परिवार लगातार दिल्ली, मुंबई, रायपुर और भुवनेश्वर के चक्कर काट रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी संवेदनशील और कठिन पारिवारिक स्थिति में किसी पर झूठे लांछन लगाना बेहद निंदनीय और अमानवीय है।
10-12 वर्षों से पंचायत निर्माण कार्य, सारे लेनदेन वैध-
उन्होंने कहा कि उनका भतीजा पिछले 10–12 वर्षों से करीब 20 ग्राम पंचायतों में वेंडर के तौर पर निर्माण कार्यों से जुड़ा हुआ है। पंचायतों से जो भी भुगतान आया है, वह सीधे जीएसटी खाते में विधिवत आया है। यदि कार्य या सामग्री में कोई गड़बड़ी होती तो विभाग अब तक कार्रवाई कर चुका होता।
सरपंच पर लगाए गंभीर आरोप, प्रभारी मंत्री से शिकायत-
विज्ञप्ति में ग्राम पंचायत एकताला जनपद पुसौर के सरपंच पर असहयोग और वेंडर प्रतिनिधियों को अभद्र भाषा व धमकी देने का आरोप लगाया गया है। लहरे ने दावा किया कि इस मामले की साक्ष्य सहित शिकायत रायगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी कार्यालय, कलेक्टर रायगढ़ तथा जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी को पहले ही भेजी जा चुकी है। बोरवेल मशीन व सामग्री भेजने के सभी दस्तावेज व भुगतान रिकॉर्ड उनके पास सुरक्षित हैं।
लहरे ने स्पष्ट किया कि यदि सरपंच सहयोग करे तो वे आज भी शेष कार्यों और सामग्री आपूर्ति को पूर्ण कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही रायगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष से भी सपरिवार मिलकर पूरी स्थिति से अवगत कराएंगे।
