सारंगढ़। जिले को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है। आगामी 4 से 7 अक्टूबर तक सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में प्रदेश के पांचों संभागों—बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा से आए 330 खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपना हुनर और खेल प्रतिभा दिखाएंगे। प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ 4 अक्टूबर को होगा।
उद्घाटन समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय तथा नगरपालिका अध्यक्ष सोनी अजय बंजारे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
प्रतियोगिता के दौरान बालक एवं बालिका सॉफ्टबॉल, 14 वर्ष बालक फुटबॉल तथा 17 वर्ष बालिका क्रिकेट की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। प्रदेश के प्रत्येक संभाग से 66 खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। चार दिनों तक चलने वाली इन स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए मैदान में उतरेंगे।
व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट
प्रतियोगिता को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिला शिक्षा अधिकारी, खेल अधिकारी एवं नगरपालिका सीएमओ को खिलाड़ियों के लिए मैदान, आवास, भोजन, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बाहर से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल दलों के ठहरने की व्यवस्था भी की जा रही है। आयोजन स्थल पर आवश्यक सुविधाओं के साथ-साथ खिलाड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन से सारंगढ़ में खेल प्रतिभाओं को मंच मिलने के साथ ही जिले में खेल गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।



