सारंगढ़। जिला अस्पताल सारंगढ़ में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक और उल्लेखनीय उपलब्धि सामने आई है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में अस्पताल की टीम ने 2 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक कुल 7 सुरक्षित एवं सामान्य प्रसव सफलतापूर्वक कराए।
इस दौरान सभी जच्चा और बच्चे पूरी तरह स्वस्थ बताए गए हैं। अस्पताल की इस उपलब्धि से स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति आम लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
इस सफलता में आरएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार रात्रे के कुशल समन्वय के साथ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रानू मनहर तथा नर्सिंग स्टाफ फरहा जांगड़े, ज्योति स्वर्णकार, भारती भगत और योजन सहित जिला अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने तत्परता और बेहतर समन्वय के साथ प्रसव संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराईं।
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पूरी मेडिकल एवं नर्सिंग टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में लगातार उच्च स्तरीय मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अस्पताल में सुरक्षित प्रसव के साथ गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने सारंगढ़ एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों द्वारा जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर लगातार जताए जा रहे विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही अस्पताल के सुचारू संचालन एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने में मिल रहे सहयोग के लिए जिला प्रशासन का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।

