सारंगढ़। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में ‘स्वच्छता की ओर एक कदम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में जिला अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारियों, नर्सिंग स्टाफ एवं सफाई कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान अस्पताल परिसर के साथ-साथ विभिन्न वार्डों, ओपीडी क्षेत्र तथा बाह्य परिसर में विशेष साफ-सफाई की गई। कर्मचारियों ने जगह-जगह जमा कचरे का निपटान किया तथा अस्पताल में निकलने वाले बायो वेस्ट के उचित प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया। इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अस्पताल परिसर में कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की गई।
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा कि “स्वच्छ अस्पताल ही स्वस्थ समाज की पहचान है।” अस्पताल में आने वाले मरीजों को संक्रमण से बचाने तथा उन्हें बेहतर एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वच्छता बेहद आवश्यक है। अस्पताल की स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई के साथ-साथ कचरे का उचित निपटान और बायोमेडिकल वेस्ट का निर्धारित नियमों के अनुसार प्रबंधन किया जाना जरूरी है। स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य लाभ में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों और स्टाफ ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता को बनाए रखने तथा नियमित रूप से साफ-सफाई के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई कि वे अस्पताल परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें, इधर-उधर कचरा न फेंकें और निर्धारित डस्टबिन का ही उपयोग करें।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह पहल न केवल अस्पताल परिसर की स्वच्छता तक सीमित रही, बल्कि स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी आमजन तक पहुंचाने का माध्यम बनी।

