सारंगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ना और पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं को सूची में शामिल करना है।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। इस दौरान ऐसे पात्र नागरिकों की जानकारी जुटाई जाएगी, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है। बीएलओ द्वारा पात्र नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्र और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी दी जाएगी।
विशेष अभियान में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पहली बार मतदाता बनने के पात्र युवा इस अवसर का लाभ उठाकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से सर्वे के दौरान बीएलओ को आवश्यक सहयोग करने की अपील की है।
मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6 में आवेदन करना होगा। नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ECI-NET मोबाइल एप अथवा भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और नाम नहीं होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने लोकतांत्रिक मताधिकार से वंचित न रहे।

