सारंगढ़। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में ग्राम पंचायत बिलासपुर में ‘आंगन मिलन सेवा संकल्प उत्सव’ हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं को सुदृढ़ करना, माताओं एवं बच्चों को पोषण के प्रति जागरूक करना तथा शासकीय योजनाओं में सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच मीना साहू, उपसरपंच हरवंश महिलाने, पंचायत सचिव सुरेन्द्र साहू सहित पंचगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर शिवकुमारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया गया। इनमें कार्यकर्ता श्रीमती रिलेश्वरी साहू, चंद्रिका डहरिया, श्रीमती प्राणलता जांगड़े तथा सहायिकाएं सरोजनी बंजारे, श्रीमती फूल बाई जांगड़े, द्रौपदी साहू, श्रीमती मायावती साहू, मथुरा साहू, चंचला महिलाने, ललिता निराला सहित स्टाफ एवं शिक्षकगण शामिल रहे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के नियमित टीकाकरण, पूरक पोषण आहार तथा कुपोषण दूर करने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही उपस्थित माताओं को बच्चों के संतुलित खान-पान, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने आंगनबाड़ी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


