सारंगढ़। जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के दिशा-निर्देशन में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। ‘सरकार आपके द्वार’ की मूल अवधारणा पर आधारित इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण करने के साथ-साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा।
जिले के तीनों विकासखंडों में चरणबद्ध रूप से सेवा संकल्प शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। 01 अक्टूबर को बिलाईगढ़ विकासखंड में शिविर का आयोजन किया गया, जबकि 03 अक्टूबर को सारंगढ़ विकासखंड के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दानसरा तथा 05 अक्टूबर को बरमकेला विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय संडा में सेवा संकल्प शिविर आयोजित किया जाएगा।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि सेवा संकल्प शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं को ग्रामीणों के और करीब लाना है। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान हो, यही प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की।

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि सेवा संकल्प शिविर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। गांव की जरूरत और समस्याएं जब सीधे प्रशासन तक पहुंचेंगी, तो उनके समाधान की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी होगी। उन्होंने ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से शिविरों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
शिविर की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए डिप्टी कलेक्टर एवं जिला नोडल अधिकारी राणा विजय ने बताया कि कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की मंशा के अनुरूप इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी और भेदभाव के पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं एवं आवेदन प्राप्त करेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा सहित विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को प्राथमिकता के आधार पर दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
राणा विजय ने कहा कि ऐसे शिविरों की सफलता में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जब ग्रामीणजन और प्रशासन एक मंच पर आते हैं, तो समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनती है। इससे प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद बढ़ने के साथ जनविश्वास भी मजबूत होता है।
सेवा संकल्प शिविरों के माध्यम से प्रशासनिक सेवाओं को आम जनता के द्वार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई होने से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा उनके समय और धन दोनों की बचत होगी।
जिला नोडल अधिकारी ने नागरिकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवी संस्थाओं से शिविरों में सक्रिय सहभागिता की अपील की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणजन अपनी समस्याओं, आवश्यकताओं और योजनाओं से संबंधित आवेदनों के साथ शिविर में पहुंचकर शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। प्रशासन का उद्देश्य है कि विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और सेवा संकल्प शिविर सुशासन एवं जनसेवा की प्रभावी पहचान बनें।

- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी विकास की रोशनी: सेवा संकल्प शिविर बनेगी सुशासन की नई पहचान… - October 2, 2026
- सारंगढ़-बिलाईगढ़ के व्याख्याता भरत पटेल समेत पांच साहित्यकारों ने दी प्रस्तुति, उत्कृष्ट काव्य पाठ पर हुआ सम्मान… - October 2, 2026
- वैष्णव महासभा का रायपुर सम्मेलन मे युवा शक्ति पर जोर…प्रदेशभर के वैष्णव दिग्गजों का लगेगा जमावड़ा..चुनावी सरगर्मी के बीच तय होंगे संगठन के नए चेहरे और आगामी कार्यक्रम..निष्ठावान कार्यकर्ताओं को मिलेंगे अहम पद… - October 2, 2026
