सारंगढ़। ग्राम पंचायत धौराभाठा (ब) स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा संकल्प उत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से माताओं, बच्चों और समुदाय को जोड़ते हुए पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य शिव कुमारी साहू उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में बीडीसी सुनीता साहू, अंजू रात्रे, सरपंच धनबाई साहू, उप सरपंच सुनीता भारती, पंच नंदा रात्रे, देवकुमारी पटेल, सावित्री जायसवाल, दुग्धधारी कौशरिया, हीरालाल साहू एवं माधो साहू सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पौष कुमारी कौशिक एवं ईश्वरी कौशरिया सहित क्षेत्र की अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और मितानिनें भी मौजूद रहीं। अतिथियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने तथा माताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर माताओं एवं बच्चों को पोषण संबंधी जानकारी दी गई और आंगनबाड़ी केंद्र की सेवाओं के प्रति समुदाय को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों एवं बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
आयोजकों ने कहा कि आंगन मिलन जैसे कार्यक्रमों से आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल का स्थान नहीं, बल्कि पोषण, स्वास्थ्य और सामुदायिक सहभागिता के केंद्र के रूप में और अधिक मजबूत होते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बच्चों के बेहतर भविष्य और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता का संकल्प लिया।


