सारंगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर पुलिस लगातार सक्रिय है। जुआ, सट्टा, अवैध शराब सहित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोसीर पुलिस ने मारपीट के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अगस्त 2026 की रात्रि करीब 9:30 बजे ग्राम कोसीर निवासी प्रार्थी लखन लहरे अपने दोस्त मनोज कुमार सुमन के साथ जितेंद्र महिलाने की चखना दुकान में गया था। उस समय दुकान में राकेश टंडन, राजकुमार टंडन एवं श्यामलाल कोसले भी मौजूद थे।
बताया गया कि इसी दौरान शराब के पैसे के लेन-देन को लेकर राकेश टंडन का दुकान संचालक जितेंद्र महिलाने एवं प्रकाश बंजारे के साथ विवाद हो गया। विवाद के दौरान गाली-गलौज होने लगी, जिसका मनोज कुमार सुमन ने विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपीगण आक्रोशित हो गए और मनोज के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप के अनुसार, जितेंद्र महिलाने ने डंडे से, शिवनंदन महिलाने ने लोहे की रॉड से हमला किया, जबकि प्रकाश बंजारे ने हाथ-मुक्के से मारपीट की। इस घटना में मनोज कुमार सुमन के सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे आरोपियों से बचाया।
घटना की रिपोर्ट प्रार्थी लखन लहरे द्वारा थाना कोसीर में दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 121/26 के तहत धारा 110, 296, 115(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल एवं एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोसीर सुनीता नाग बंजारे के नेतृत्व में की गई। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने और मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

- अटल बाजार बना शराबियों का अड्डा, कोसीर पुलिस की दबिश… - August 29, 2026
- लोक कलाकारों के लिए सुनहरा मौका: 31 अगस्त तक करें आवेदन, मिलेंगे सालाना 24 हजार रुपये तक… - August 29, 2026
- कॉलेज प्रवेश की बड़ी राहत! अब 31 अगस्त तक मिलेगा दाखिला… - August 29, 2026
